जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

खाट पंचायत में PM मोदी का दिखा अलग अंदाज, दुधमुंही बच्ची के साथ खेले और अपने साथ दिल्ली चलने को भी कहा

पकरिया (शहडोल)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक अलग ही रंग और अंदाज में दिखाई दिए, जब वे एक दुधमुंही बच्ची को देखकर न केवल खिलखिला कर हंस पड़े। बल्कि, बच्ची से अपने साथ दिल्ली चलने को भी कहने लगे। पीएम मोदी एक दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश के आदिवासीबहुल क्षेत्र शहडोल में आए। यहां खाट पंचायत में पीएम मोदी आदिवासी समुदाय की महिलाओं के बीच एक अलग ही रंग में दिखाई दिए।

प्रधानमंत्री को देखकर मुस्कुराई बच्ची

इसी दौरान पीएम मोदी एक महिला के पास पहुंचे और उसकी दुधमुंही बच्ची का हाथ पकड़कर उसके साथ खेलने लगे। बच्ची जब प्रधानमंत्री को देखकर मुस्कुराई तो पीएम मोदी ने उससे पूछा कि क्या वो उन्हें पहचान गई। इसके बाद मोदी उस बच्ची से बोले कि चल आज मेरे साथ दिल्ली चल, चलेगी ना। इसके बाद वे दूसरी महिला से संवाद के लिए आगे बढ़ गए।

कौन होती हैं लखपति दीदी ?

पीएम मोदी ने स्व-सहायता समूह की आदिवासी महिलाओं (जिन्हें लखपति दीदी नाम दिया गया है) से संवाद कर रहे थे। बता दें स्व-सहायता समूहों में काम करते हुए जिन महिलाओं की आय एक लाख रुपए से अधिक हो गई है, उन्हें लखपति दीदी नाम दिया गया है। अपने संवाद की शुरुआत में उन्होंने कहा कि जिनको भी पीएम आवास योजना में घर मिल जाता है, वे महिलाएं भी लखपति हो जाती हैं।

जब एक महिला ने PM मोदी को CM कहा…

इसी संवाद के दौरान एक लखपति दीदी ने जब अपने पद बताते हुए अपनी जिम्मेदारियां बताईं तो पीएम मोदी उससे बोले कि वो इतने काम कैसे कर पाती है। इसी क्रम में मोदी ने कहा कि वे तो इतने काम नहीं कर सकते, सिर्फ प्रधानमंत्री का ही काम कर पाते हैं वे। एक अन्य महिला ने जब पीएम मोदी के साथ संवाद की शुरुआत में उन्हें देखकर मुख्यमंत्री जी कहकर संबोधित कर दिया तो पीएम मोदी मुस्कुरा कर बोले कि वे (मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान) उधर खड़े हैं।

पीएम बोले- जरा जोर से बोले, ताकि इनकम टैक्स वाले भी सुन लें

एक अन्य स्वसहायता समूह की अध्यक्ष महिला ने पीएम मोदी को अपने परिवार में आजीविका मिशन से जुड़े कार्य बताए तो प्रधानमंत्री मोदी बोले कि इतने कार्यों की बदौलत उनके परिवार की आय तो बहुत बढ़ गई होगी। इस पर महिला ने कहा कि अब उनका परिवार लगभग साढ़े चार लाख रुपए तक की वार्षिक आमदनी पा लेता है, तो पीएम मोदी खुशनुमा अंदाज में उससे बोले कि वो जरा जोर से बोले, ताकि इनकम टैक्स वाले भी उसकी बात सुन लें।

पीएम ने प्राकृतिक खेती और मधुमक्खी पालन के बारे में बताया

इसके पहले पीएम मोदी ने जनजातीय समुदाय के लोगों को प्राकृतिक खेती के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि एक गाय की मदद से तीन एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कहा कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत का एक यूट्यूब चैनल भी है, जिसमें इससे जुड़ी जानकारियां दी जाती हैं। उन्होंने जनजातीय समुदाय को मधुमक्खी पालन के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि शहरों में शहद की मांग बहुत बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें: पकरिया में खाट पंचायत : PM मोदी ने स्व-सहायता समूहों और खिलाड़ियों से किया संवाद; बोले- कांग्रेस की गारंटी मतलब नीयत में खोट

ये भी पढ़ें: सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन लॉन्च : PM मोदी बोले- नीयत में खोट और गरीब पर चोट है कांग्रेस की निशानी, आयुष्मान कार्ड यानी मोदी की गारंटी

संबंधित खबरें...

Back to top button