बिश्केक में पुतिन से मिले पीएम मोदी, बोले- भारत शांति के प्रयासों का पक्षधर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट से इतर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस संबंधों के साथ डिफेंस कोऑपरेशन, ऊर्जा आपूर्ति, व्यापार, फर्टिलाइजर शिपमेंट और अन्य अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन संकट को लेकर भारत का रुख दोहराते हुए कहा कि भारत सभी शांतिपूर्ण प्रयासों का समर्थन करता है।
यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी ने दोहराया भारत का रुख
रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत यूक्रेन मामले के समाधान के लिए किए जा रहे सभी शांतिपूर्ण प्रयासों का समर्थन करता है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं को बातचीत और शांति के जरिए सुलझाना पूरी इंसानियत के लिए जरूरी है। पीएम मोदी ने पुतिन से मुलाकात पर खुशी जताते हुए भारत और रूस के बीच मजबूत होते संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले BRICS समिट में राष्ट्रपति पुतिन के शामिल होने से दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती मिलेगी।
डिफेंस, एनर्जी और ट्रेड पर हुई चर्चा
दोनों नेताओं की बैठक में भारत और रूस के बीच रक्षा सहयोग, ऊर्जा आपूर्ति और व्यापारिक संबंधों को लेकर भी बातचीत हुई। इसके अलावा फर्टिलाइजर शिपमेंट और BRICS समिट से पहले जरूरी भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। भारत और रूस के बीच लंबे समय से रणनीतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की यह मुलाकात मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच काफी अहम मानी जा रही है।
पुतिन ने भारत-रूस रिश्तों को लेकर क्या कहा?
मुलाकात के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और रूस के बीच बढ़ते व्यापार और आर्थिक सहयोग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ट्रेड और इकोनॉमिक कोऑपरेशन सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है और ट्रेड टर्नओवर में 2 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई है। पुतिन ने भारत और रूस के रिश्तों को मजबूत बताते हुए कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तिगत ध्यान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने दोनों देशों के बीच पर्यटन के बढ़ते आदान-प्रदान का भी उल्लेख किया।
ईरान के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी, किर्गिस्तान में हुई दोनों नेताओं की मुलाकात
2025 में बढ़ा पर्यटकों का आवागमन
बैठक के दौरान भारत और रूस के बीच पर्यटन को लेकर भी चर्चा हुई। पुतिन के अनुसार, 2025 में दोनों देशों के बीच पर्यटकों की आवाजाही में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह आंकड़ा दोनों देशों के बीच बढ़ते लोगों के संपर्क और आपसी जुड़ाव को दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बिश्केक पहुंचे हैं। सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार, ऊर्जा, परिवहन संपर्क और डिजिटल सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में अहम हैं।




















