राष्ट्रीय

बेंगलुरु में शुरू हुआ एयरो इंडिया शो: पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, बोले- यह सिर्फ शो नहीं, भारत की ताकत… नई ऊंचाई का संकेत है

बेंगलुरु। एयरो इंडिया के 14वें एडिशन की शुरुआत सोमवार को बेंगलुरु के येलहांका के एयर फोर्स स्टेशन पर हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन किया। वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी ने उद्घाटन समारोह में गुरुकुल फॉर्मेशन का नेतृत्व किया और फाइटर जेट से उड़ान भरी। पीएम मोदी ने कहा, ‘पहले यह सिर्फ एयर शो था, लेकिन अब ये ताकत बनकर उभर रहा है। यह भारत की नई ऊंचाई का संकेत है। इससे नई संभावनाएं पैदा होंगी।’

यह शो सिर्फ शो नहीं, देश की ताकत है: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि, एयरो इंडिया शो सिर्फ शो नहीं, बल्कि देश की ताकत है। यह नई ऊंचाई आज भारत की सच्चाई है, आत्मनिर्भर होते भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है। जब कोई देश नई सोच, नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है, तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के हिसाब से ढलने लगती हैं। भारत आज एक पोटेंशियल डिफेंस पार्टनर भी है, आज देश नई ऊंचाइयों को छू भी रहा है, और उन्हें पार भी कर रहा है। भारत की रफ़्तार चाहे जितनी तेज हो लेकिन वो हमेशा जमीन से जुड़ा रहता है।

बेंगलुरू रक्षा का जटिल क्षेत्र: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि, बेंगलुरू रक्षा एक एसा क्षेत्र है, जिसकी तकनीक, मार्केट और सतर्कता को सबसे जटिल माना जाता है। भारत अब डिफेंस उत्पादक देशों में शामिल होने के लिए तेजी से कदम बढ़ाएगा। हमारा लक्ष्य है 2024-25 तक इसके निर्यात के आंकड़े को डेढ़ बिलियन से बढ़ाकर 5 बिलियन डॉलर तक ले जाया जाए।

भारत की ग्रोथ स्टोरी का उदाहरण है यह शो: PM मोदी

पीएम मोदी बोले, एयरो इंडिया का 2023 का शो भारत की ग्रोथ स्टोरी का उदाहरण है। इस साल के एयरो इंडिया शो में 100 से अधिक देशों की भागीदारी नए भारत में दुनिया के भरोसे को दर्शाती है।

रक्षा क्षेत्र ने कुछ सालों में एक लंबी यात्रा तय की: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले, हमारे रक्षा क्षेत्र ने कुछ वर्षों में एक लंबी यात्रा तय की है। एयरो इंडिया एयरोस्पेस का प्रदर्शन है। जिसकी 2 महत्वपूर्ण विशेषताएं हैं- ऊंचाई और गति। ये दो गुण पीएम के कामकाज और व्यक्तित्व को परिभाषित करते हैं।

क्या है एयर शो की थीम

13 फरवरी से 17 फरवरी तक चलने वाले एयर शो की थीम ‘द रनवे टू ए बिलियन अपॉर्च्युनिटीज’ है। ‘एयरो इंडिया’ सैन्य विमानों, हेलीकाप्टरों, रक्षा उपकरणों और नए युग के एवियोनिक्स के निर्माण के लिए देश को एक उभरते हुए केंद्र के रूप में प्रदर्शित करेगा। कोरोना काल के बाद पहली बार इस शो में दर्शक भी शामिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम में शिरकत करने वाले हैं 98 देश

जानकारी के मुताबिक, कुल 98 देश इस कार्यक्रम में शिरकत करने वाले हैं, 32 देशों के रक्षा मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा 809 रक्षा की कंपनियां भी इस कार्यक्रम में आने वाली हैं। इस बार कार्यक्रम में यूएवी सेक्टर की ग्रोथ, भविष्य की शानदार टेक्नोलॉजी पर भी खास जोर दिया जाएगा। कई स्टार्ट अप की कंपनियां भी नई तकनीक से लोगों को रूबरू करवाएंगी। LCA तेजस, Dornier Light Utility Helicopter और Advanced Light Helicopter को भी प्रमोट किया जाएगा।

251 करारों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं

इस एयर शो में भारतीय एवं विदेशी रक्षा कंपनियों के बीच 75 हजार करोड़ रुपए के निवेश वाले 251 करारों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। सीएम बोम्मई ने पीएम मोदी के बेंगलुरु आगमन पर एक ट्वीट में कहा, ‘कर्नाटक में माननीय नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत है। पीएम यहां एरो इंडिया-2023 का उद्घाटन करेंगे जो दर्शकों को अपनी कहानियों और हवाई कलाबाजियों से मंत्रमुग्ध कर देगा। हमारा खुद का हल्का युद्धक विमान तेजस भी आकर्षण का केंद्र होगा।’

ये भी पढ़ें- जब एक साल पुराने निमंत्रण कार्ड पर दावत खाने पहुंचे मोदी… गहलोत के पुराना भाषण पढ़ने पर सुनाया किस्सा

संबंधित खबरें...

Back to top button