एंटरटेनमेंट डेस्क। महात्मा ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले की जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘फुले’ 11 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को खासतौर पर समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की 197वीं जयंती के अवसर पर रिलीज किया जा रहा है। ज्योतिराव फुले एक महान समाज सुधारक, लेखक, क्रांतिकारी और दार्शनिक थे। उन्होंने छुआछूत के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की थी। विधवा महिलाओं के उत्थान के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया था।
अनंत महादेवन ने किया फिल्म का निर्देशन
‘फुले’ फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता अनंत महादेवन ने किया है। बॉलीवुड स्टार प्रतीक गांधी और अभिनेत्री पत्रलेखा इस फिल्म में मुख्य किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में प्रतीक गांधी महात्मा ज्योतिराव फुले का किरदार निभा रहे हैं तो पत्रलेखा उनकी पत्नी और भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के रूप में नजर आएंगी। अपनी भूमिका पर पत्रलेखा ने कहा कि सावित्रीबाई फुले जैसी महान शख्सियत का किरदार निभाना मेरे लिए गर्व की बात है। उन्होंने और ज्योतिराव फुले ने आधुनिक शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए एक क्रांतिकारी बदलाव की शुरुआत की। मैं रोमांचित हूं कि दर्शक जल्द ही उनकी कहानी बड़े पर्दे पर देख पाएंगे।
ज्योतिराव फुले की 197वीं जयंती पर रिलीज होगी फिल्म
भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती पर फिल्म रिलीज की घोषणा की गई। रिलीज की तारीख सावित्रीबाई के पति ज्योतिराव फुले की 197वीं जयंती है। फिल्म में ज्योतिराव और सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष को दिखाया जाएगा, जिन्होंने देश में बाल विवाह और लिंग आधारित उत्पीड़न जैसी समस्याओं से छुटकारा दिलाया और डटकर सामना किया। ऐसे समय में जब लड़कियों को शिक्षा से वंचित रखा जाता था और कम उम्र में उनकी शादी कर दी जाती थी, ज्योतिराव ने अपनी पत्नी को शिक्षित करने का फैसला किया। साथ मिलकर, उन्होंने महिलाओं, वंचित समुदायों और हाशिए के समूहों के अधिकारों के लिए अभियान चलाया, जिसने भारत के सामाजिक दृष्टिकोण पर एक अमिट छाप छोड़ी है।