नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतें अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने आज लगातार चौथे दिन पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की है। आज दिल्ली में फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 35 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 107.24 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.97 रुपए प्रति लीटर हो गई है। मुंबई, हैदराबाद, जयपुर, बेंगलुरू, पटना में पेट्रोल की कीमतें 110 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम
शहर | पेट्रोल (रुपए/लीटर) | डीजल (रुपए/लीटर) |
श्रीगंगानगर | 119.42 | 110.26 |
अनूपपुर | 118.71 | 107.87 |
परभणी | 116.08 | 105.25 |
भोपाल | 115.90 | 105.27 |
जयपुर | 114.48 | 105.71 |
मुंबई | 113.12 | 104.00 |
दिल्ली | 107.24 | 95.97 |
10 महीनों में बढ़े इतने दाम
इस महीने 23 दिन में पेट्रोल-डीजल 18 बार महंगे हो चुके हैं। इससे राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 5.60 और डीजल 6.10 रुपए महंगा हो चुका है। वहीं 2021 की बात करें तो इस साल 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 रुपए प्रति लीटर था। अब ये 107.24 और 95.97 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 10 महीने से भी कम समय में पेट्रोल 23.27 और डीजल 21.85 रुपए तक महंगा हुआ है।
हर सुबह होती तय होती हैं कीमतें
देशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत के आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज़ाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी पेट्रोलियम की मांग
एसएंडपी ग्लोबल प्लैट्स एनालिटिक्स के मुताबिक, त्योहारों और शादियों के चलते अगले कुछ महीनों के दौरान भारत में पेट्रोलियम की मांग बढ़ेगी। रेटिंग एजेंसी इक्रा के वाइस प्रेसिडेंट और को-ग्रुप हेड प्रशांत वशिष्ठ के मुताबिक, कच्चा तेल 1 डॉलर प्रति बैरल महंगा होने पर देश में पेट्रोल-डीजल के दाम औसतन 55-60 पैसे प्रति लीटर बढ़ जाते हैं। ऐसे में यदि क्रूड 100 डॉलर पर पहुंचा तो पेट्रोल-डीजल के दाम 10 रुपए तक बढ़ सकते हैं।
SMS के जरिए ऐसे जानें अपने शहर में पेट्रोल-डीजल के रेट
आप अपने शहर के पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना SMS के जरिए भी चेक कर सकते है। इंडियन ऑयल (IOC) के उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9224992249 नंबर पर व एचपीसीएल (HPCL) के उपभोक्ता HPPRICE <डीलर कोड> लिखकर 9222201122 नंबर पर भेज सकते हैं। बीपीसीएल (BPCL) उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज सकते हैं।