ग्वालियरमध्य प्रदेश

MP में आज से भाजपा का चुनावी शंखनाद: प्रदेश में विकास यात्रा शुरू करेगी शिवराज सरकार, CM दिखाएंगे हरी झंडी

इंदौर। मध्य प्रदेश में आज (5 फरवरी) सुबह 10 बजे से शिवराज सरकार विकास यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भिंड में विकास यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान यात्रा में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। विकास यात्रा के दौरान ग्राम पंचायत स्तर और विधानसभा स्तर पर सभी वॉर्ड में हितग्राहियों के सम्मेलन किए जाएंगे।

संत रविदास को माल्यार्पण कर शुरू होगी यात्रा

आज रविदास जयंती भी है। ऐसे में यात्रा की शुरुआत संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। सभी वार्डों से निकलने के लिए यात्रा का रूट तैयार किया गया है। यात्रा के लिए एक रथ भी तैयार किया गया है। इस यात्रा के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

विकास निरंतर प्रक्रिया है : सांसद लालवानी

इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सरकार और संगठन के नेतृत्व में विकास यात्रा चलेगी। यात्रा में सरकार के काम को लेकर बताया जाएगा। हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या होगी, उसका अधिकारी समाधान करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि विकास निरंतर प्रक्रिया है। हमने और आपने इंदौर को 20 साल पहले भी देखा होगा। मैं उस समय पार्षद था, जब विपक्ष में कांग्रेस परिषद थी। उस समय एक ट्रक मोरम और बेलदार के लिए हम चप्पल घिसते थे। आज भारतीय जनता पार्टी ने किस तरह से शहर के विकास का काम किया है। 50 साल में जितने ब्रिज नहीं बने थे, उतने ब्रिज भाजपा के नेतृ्त्व में बने हैं।

जिला मुख्यालय, ब्लॉक में होंगे मंत्रियों के दौरे

विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में चिन्हित हितग्राहियों को लाभ वितरण के साथ उनसे चर्चा कर योजनाओं के बारे में जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही जो काम पूरे हो चुके हैं, उनका लोकार्पण और प्रस्तावित कार्यों का शिलान्यास प्रभारी मंत्री करेंगे। मंत्रियों के जिला मुख्यालय और विकासखंड मुख्यालयों पर दौरे होंगे। यात्रा के दौरान जन संवाद के साथ शिक्षण संस्थाओं, छात्रावासों, आंगनबाड़ी, विद्युत और पेयजल व्यवस्था, जल जीवन मिशन के कामों का निरीक्षण भी होगा।

विकास यात्रा का उद्देश्य

विकास यात्रा का उदेश्य जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां और उसकी जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। इसके साथ ही ऐसे लोग जो मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के बावजूद योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं उन्हें भी लाभ दिलवाना है।

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में 5 फरवरी से बीजेपी निकालेगी विकास यात्रा, सांसद शंकर लालवानी बोले- हितग्राहियों की समस्या का करेंगे समाधान

20 दिनों तक चलेगी विकास यात्रा

सीएम शिवराज ने विकास यात्रा की तैयारियों को लेकर 18 जनवरी को अपने निवास पर सभी मंत्रियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने बताया कि 5 फरवरी से लेकर 25 फरवरी तक पूरे प्रदेश में हर विधानसभा में विकास यात्रा चलेगी। इस यात्रा में हितग्राहियों को लाभ, हितग्राहियों से चर्चा और संवाद होगा। जिला मुख्यालय के अलावा ब्लॉक में भी मंत्रियों के दौरे होंगे। दौरे के दौरान विकास के लक्ष्यों का उद्देश्य पूरा हो और मंत्रीगण लौटने के बाद रिपोर्ट देंगे। जो काम पूरे हुए उनका लोकार्पण, जो शुरू करने हैं उनका शिलान्यास होगा।

ये भी पढ़ें- सीएम शिवराज सिंह चौहान की मंत्रियों के साथ बैठक, बोले- प्रदेश में संत रविदास जयंती से शुरू होगी विकास यात्रा

सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को दी गई जिम्मेदारी

विकास यात्रा की जिम्मेदारी प्रदेश के सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को दी गई है। जिसमें वह संबंधित विधानसभा में यात्रा का प्रभारी नियुक्त करेंगे। इसमें सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी मंत्रीगणों के पास हर विधानसभा की सूची होगी। जो मुख्यमंत्री जनसेवा के हितग्राही हैं, उन्हें हितलाभ देना प्रारंभ होगा। यात्रा में हितग्राही सम्मेलन भी होंगे। गांव या ग्राम पंचायत के हितग्राही के सम्मेलन आयोजित होंगे। जिससे विकास यात्रा में अधिक से अधिक एरिया कवर हो।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button