
भोपाल। पीसीसी चीफ कमलनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बड़ी बैठक हुई। बैठक में पूर्व सीएम कमलनाथ ने जिला अध्यक्षों को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि अपने जिलों में ज्यादा से ज्यादा दौरा करें। कार्यकर्ताओं को घर से निकाले।
कमलनाथ ने बैठक में बाल कांग्रेस के अच्छे काम का हवाला दिया मुख्य कांग्रेस से अच्छा काम तो बाल कांग्रेस कर रही है। जिला अध्यक्ष और मुख्य कांग्रेस बाल कांग्रेस से कुछ सीखें। कमल नाथ ने जिला प्रभारियों को दी चेतावनी दी कि जिसको प्रभारी नहीं रहना है वो आज ही बता दे, लेकिन बाद में कल धोखा मत देना।
बैठक में जमकर बरसे कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में विधायकों, विधानसभा, लोकसभा, मेयर के पूर्व प्रत्याशी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी के अलावा प्रकोष्ठों के अध्यक्ष भी शामिल हुए। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, डॉ.गोविंद सिंह, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी अरुण यादव, अजय सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। सही तरीके से काम नहीं होने पर कमलनाथ जमकर उखड़े। बताया जा रहा है कि फटकार के बाद विधायक जीतू पटवारी, सचिन यादव और प्रवीण पाठक बैठक से बाहर निकल गए।
संगठन की कमान जिला प्रभारियों को सौंपने की तैयारी
प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जिला प्रभारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। हाल ही में हुए नगरीय निकाय के चुनाव में कांग्रेस को 5 नगर निगमों में मिली कामयाबी के बाद अब जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती के प्रयास तेज हो गए हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ ने जमीनी स्तर पर कांग्रेस के संगठन को खड़ा करने की कमान अपने हाथ में ली है। वे विधायकों और व्यक्ति विशेष के बजाए संगठन की कमान जिला प्रभारियों और सह प्रभारियों के हाथों में सौंपने की तैयारी में हैं। विधायकों से जिलाध्यक्षों का प्रभार वापस लेकर फुल टाइम वर्कर को जिला कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी जा रही है।
बदले जाएंगे ब्लॉक और जिला अध्यक्ष
निकाय चुनाव में गड़बड़ी करने वाले और निष्क्रिय जिलाध्यक्षों की छुट्टी हो सकती है। बैठक में कमलनाथ ने भी कहा कि धोखा मत देना, जिसको जाना है वह बता दें। कमलनाथ ने दिए संकेत विधानसभा चुनाव के पहले संगठनात्मक बदलाव होगा। कमजोर जिलों के अध्यक्ष बदले जाएंगे। बहुत जल्द ब्लॉक अध्यक्षों की भी घोषणा होगी। साथ ही हर जिले में एक महामंत्री होगा। पीसीसी से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 10 जिलों के जिला अध्यक्षों को बदला जा सकता है।
ये भी पढ़ें: कमलनाथ ट्वीट के जरिए जनता के आंसू पोंछ रहे हैं : गृह मंत्री
भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में 16 दिन रहेगी
बैठक में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की भी तैयारियां करनी है। बता दें कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर से शुरू होगी( भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। पूरी तरह से पैदल जाने वाली ये यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होकर निकलेगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में 16 दिन रहेगी। यात्रा 24 नवंबर को महाराष्ट्र से बुरहानपुर के रास्ते एमपी में एंट्री करेगी।
ये भी पढ़ें: राज्यपाल मंगू भाई पटेल की हालत स्थिर, CM शिवराज ने एम्स पहुंचकर जाना हालचाल