महिला आरक्षण बिल पेश : 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' दिया गया नाम, पास होने के बाद लोकसभा में होंगी 181 महिला सांसद

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र का दूसरा दिन महिला आरक्षण बिल के नाम रहा। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पेश किया। इस बिल को नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल नाम दिया गया है। इस बिल के पेश करने का प्रस्ताव पास हो गया है। अब कल इस बिल पर चर्चा होगी। सत्र की कार्यवाही आज से नए संसद भवन में शुरू हो गई है।
पीएम ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' नाम दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, अटल जी के कार्यकाल में कई बार महिला आरक्षण बिल पेश किया गया। लेकिन उसे पार कराने के लिए आंकड़े नहीं जुटा पाए और उसके कारण वह सपना आधूरा रह गया। महिला को अधिकार देने का उनकी शक्ति को आकार देने का काम करने के लिए भगवान ने मुझे चुना है। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' नाम दिया।पुरानी संसद में सांसदों का फोटोशूट
इससे पहले पुरानी संसद में लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों का एक साथ फोटो शूट हुआ और फिर पीएम मोदी के साथ सभी सांसद पदयात्रा करते हुए नई संसद पहुंचे। इस दौरान लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य मौजूद रहे। पहले राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों ने फोटो खिंचवाई। इसके बाद दोनों सदनों के सभी सांसदों का फोटो सेशन भी हुआ। इस दौरान गुजरात से बीजेपी सांसद नरहरि अमीन की तबीयत बिगड़ गई।
विशेष सत्र में होंगी 5 बैठकें
केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है, जिसमें 5 बैठकें होंगी। यह 17वीं लोकसभा का 13वां सत्र और राज्यसभा का 261वां सत्र होगा। इस दौरान 4 बिल पेश होंगे। वहीं विपक्षी पार्टियों ने सरकार से सवाल-जवाब करने के लिए 9 मुद्दों की लिस्ट तैयार की है।











