Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पन्ना में सांप के डसने से 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौत, इलाज में देरी के आरोप पर चक्काजाम

पन्ना के गुनौर में सांप के डसने के बाद 19 वर्षीय नवविवाहिता सपना बाई की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम किया।
पन्ना में सांप के डसने से 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौत, इलाज में देरी के आरोप पर चक्काजाम
सांप के डसने से 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौत

पन्ना। जिले के गुनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। सांप के डसने के बाद समय पर इलाज और डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के आरोपों के बीच 19 वर्षीय नवविवाहिता सपना बाई वंशकार की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने गुनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के मुताबिक ग्राम मुराछ निवासी सपना बाई (19) की शादी 29 जून 2026 को सोनू वंशकार के साथ हुई थी। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे वह अपने मायके में सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसके गाल पर डस लिया। परिजन उसकी हालत बिगड़ते देख तत्काल उसे गुनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

परिजनों ने डॉक्टर और इलाज नहीं मिलने का लगाया आरोप

मृतका के परिजनों का आरोप है कि गुनौर अस्पताल पहुंचने के बाद मौके पर कोई डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से इलाज और एंटी-स्नेक वेनम देने की मांग की गई लेकिन जरूरी उपचार उपलब्ध कराने के बजाय मरीज को पन्ना जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। परिजन गंभीर हालत में सपना को लेकर पन्ना रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। पन्ना जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें: जवान का शव ले जा रही एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी, हादसे में भाई-भतीजे समेत 4 की मौत

मौत के बाद भड़का आक्रोश, मुख्य मार्ग पर लगाया जाम

सपना की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने गुनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश वर्मा और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने गुनौर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि गंभीर मरीजों के लिए प्राथमिक स्तर पर ही समय पर उपचार और जरूरी दवाएं उपलब्ध होनी चाहिए। ग्रामीणों ने घटना की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस-प्रशासन ने समझाइश देकर खुलवाया जाम

चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत की तथा मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में चक्काजाम समाप्त कर दिया गया और मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ।

ये भी पढ़ें: गुना जिला अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिला तो भाई को पीठ पर लादकर वार्ड तक पहुंची बहन, व्यवस्था पर उठे सवाल

पन्ना में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंपा शव

घटना के बाद पन्ना पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में फिलहाल परिजनों की ओर से अस्पताल में इलाज और डॉक्टर की उपलब्धता को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि अस्पताल पहुंचने के बाद नवविवाहिता को किस स्तर पर उपचार मिला, एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध था या नहीं और इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts