अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

Pakistan News : बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने बस रोककर किया यात्रियों का अपहरण, कार पर फायरिंग की; 11 की मौत

कराची। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने नौ बस यात्रियों समेत 11 लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि पहली घटना में सशस्त्र हमलावरों ने शुक्रवार को नोस्की जिले में हाईवे पर एक बस रुकवाई और बंदूक का डर दिखाकर 9 पुरुषों का अपहरण कर लिया। एक अधिकारी ने बताया, बाद में इन नौ पुरुषों के शव नजदीकी पर्वतीय इलाके में एक पुल के पास मिले और उनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए।

कार पर गोलीबारी भी की

पुलिस ने बताया कि यह बस क्वेटा से ताफ्तान जा रही थी, तभी सशस्त्र हमलावरों ने बस रुकवाई और यात्रियों की पहचान करने के बाद नौ पुरुषों को अपहरण करके पर्वतीय इलाकों में ले गए। एक अन्य घटना में इसी हाईवे पर एक कार पर गोलीबारी की गई, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा : CM सरफराज बुगती

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने कहा कि नोस्की हाईवे पर 11 लोगों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों का उद्देश्य बलूचिस्तान की शांति भंग करना है।

मुश्किल वक्त में सरकार मृतक के परिवारों के साथ : गृह मंत्री

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल वक्त में मृतक के परिवारों के साथ है। अभी तक किसी भी प्रतिबंधित संगठन ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इस साल हाल के हफ्तों में प्रतिबंधित संगठनों और आतंकवादियों द्वारा आतंकी हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गैस विस्फोट के बाद कोयला खदान धंसी, 12 मजदूरों की मौत

संबंधित खबरें...

Back to top button