ICC Action :पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज डोपिंग उल्लंघन के दोषी, तीन महीने के अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड होंगे रद्द

स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के दोषी पाए गए हैं। उनके डोप टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ Carboxy-THC मिलने के बाद आईसीसी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके तीन महीने के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन को आधिकारिक रिकॉर्ड से हटाने का फैसला किया है। हालांकि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने इस पदार्थ का सेवन प्रदर्शन बढ़ाने के उद्देश्य से नहीं किया था।
विश्व कप के दौरान लिया गया था सैंपल
मोहम्मद नवाज का डोप टेस्ट इस वर्ष फरवरी में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेले गए आईसीसी टूर्नामेंट के मुकाबले के दौरान लिया गया था। जांच रिपोर्ट में उनके सैंपल में Carboxy-THC की पुष्टि हुई, जो प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की श्रेणी में आता है। रिपोर्ट सामने आने के बाद नवाज ने नियमों के उल्लंघन को स्वीकार किया और कहा कि इसका संबंध खेल प्रदर्शन से नहीं, बल्कि मैदान के बाहर की निजी गतिविधि से था।
ये भी पढ़ें: लॉर्ड्स वनडे में अंतिम बार दिखेंगे रोहित शर्मा! माता- पिता पहुंचे लंदन, तीन दोहरे शतक जड़ेने वाले इकलौते बल्लेबाज
पुनर्वास कार्यक्रम से मिली राहत
आईसीसी ने नवाज पर तीन महीने का निलंबन लगाया, जिसे 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया। हालांकि उन्होंने इस दौरान नशा मुक्ति पुनर्वास (Rehabilitation) कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया। आईसीसी के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत ऐसे मामलों में खिलाड़ी को सजा में राहत मिल सकती है। इसी कारण उनकी प्रभावी निलंबन अवधि घट गई और अब वे दोबारा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के लिए पात्र हो गए हैं।
तीन महीने के सभी आंकड़े रिकॉर्ड से हटेंगे
आईसीसी ने 7 फरवरी से 1 मई 2026 के बीच मोहम्मद नवाज के सभी अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन को अमान्य घोषित करने का फैसला किया है। इस अवधि में बनाए गए रन, लिए गए विकेट और पकड़े गए कैच अब उनके आधिकारिक करियर रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं होंगे। इन तीन महीनों में नवाज ने सात अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे, जिनमें उन्होंने 15 रन बनाए, सात विकेट लिए और चार कैच लपके थे। माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी खिलाड़ी के व्यक्तिगत रिकॉर्ड को इस तरह हटाने की यह बेहद दुर्लभ घटनाओं में से एक है।
ये भी पढ़ें: कोहली- गंभीर दिन में 10 बार बात करते हैं... बैटिंग कोच ने खारिज की मतभेद की खबर, कहा- अफवाह पर भरोसा न करें












