Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Padma Awards 2026 :राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कारों की गूंज, खेल-सिनेमा से जनसेवा तक चमके कई नाम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक सम्मान समारोह-2 में 65 विशिष्ट हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण मिला, जबकि ममूटी, अलका याज्ञनिक, विजय अमृतराज, आर माधवन और रोहित शर्मा समेत कई नामचीन हस्तियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कारों की गूंज, खेल-सिनेमा से जनसेवा तक चमके कई नाम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक सम्मान समारोह-2 में 65 विशिष्ट हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए।

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को आयोजित नागरिक सम्मान समारोह-2 में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, समाजसेवा और जन-कार्य से जुड़े लोगों को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान प्रदान किए। समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। इस वर्ष के पद्म पुरस्कार समारोह में राजनीति, खेल, सिनेमा, संगीत और सामाजिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां सम्मानित हुईं। समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और आदिवासी नेता शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया।

शिबू सोरेन को मरणोपरांत मिला पद्म भूषण

पूर्व केंद्रीय मंत्री और झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन को सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान उनकी पत्नी रूपी सोरेन को सौंपा। समारोह में मौजूद लोगों ने इस अवसर पर तालियों से उनका स्वागत किया। शिबू सोरेन ने आदिवासी अधिकारों और झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके सम्मान को झारखंड की राजनीति और आदिवासी समाज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

ममूटी और अलका याज्ञनिक को मिला बड़ा सम्मान

मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को कला क्षेत्र में उनके पांच दशक से अधिक लंबे योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। ममूटी ने अपने करियर में 400 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है और भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली कलाकारों में गिने जाते हैं। वहीं हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक को भी पद्म भूषण से नवाजा गया। सम्मान ग्रहण करने के दौरान अलका याज्ञनिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन किया। संगीत जगत में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया गया है।

Twitter Post

खेल जगत के सितारों को भी मिला सम्मान

भारत के पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण प्रदान किया गया। खेल और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह सम्मान मिला। क्रिकेटर रोहित शर्मा को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान और कई ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया।

आर माधवन, अनिल रस्तोगी और मुरली मोहन भी सम्मानित

अभिनेता आर माधवन को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले माधवन ने 75 से अधिक फिल्मों में काम किया है। वरिष्ठ अभिनेता और रंगकर्मी अनिल कुमार रस्तोगी को भी पद्म श्री पुरस्कार मिला। उन्होंने अपने लंबे रंगमंचीय और फिल्मी करियर में सैकड़ों प्रस्तुतियां दी हैं। तेलुगु सिनेमा के जाने-माने अभिनेता मागंती मुरली मोहन को भी पद्म श्री सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने अपने करियर में 350 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है।

Twitter Post

पद्म विभूषण से सम्मानित हुए के.टी. थॉमस और पी. नारायणन

पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) के.टी. थॉमस को जन-कार्य के क्षेत्र में पद्म विभूषण प्रदान किया गया। वहीं साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पी. नारायणन को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इन दोनों हस्तियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लंबे समय तक काम करते हुए समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया है।

Breaking News

विदेशी नागरिकों को भी मिला सम्मान

इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों की सूची में विदेशी नागरिकों के नाम भी शामिल रहे। अमेरिका के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दत्तात्रेयुडु नोरी को चिकित्सा क्षेत्र में पद्म भूषण प्रदान किया गया। रूस की ल्यूडमिला खोखलोवा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्म श्री मिला। वहीं जॉर्जिया के व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली को खेल क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें: MP News: बीजेपी की नई कार्यसमिति घोषित, 106 नेताओं की सूची जारी; देखें लिस्ट

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं पद्म पुरस्कार

पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं। इन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। ये सम्मान कला, साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, खेल, समाजसेवा और जन-कार्य जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं। राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस समारोह ने एक बार फिर उन लोगों के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और देश को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts