Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लोस स्पीकर के लिए प्रत्याशी उतारने की तैयारी में विपक्ष

डिप्टी स्पीकर का पद नहीं मिला तो ‘इंडिया’ उठाएगा कदम
Follow on Google News
लोस स्पीकर के लिए प्रत्याशी उतारने की तैयारी में विपक्ष

 नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा के आगामी 24 जून से शुरू होने जा रहे पहले सत्र में 26 जून को लोकसभा अपने नए अध्यक्ष का चुनाव करेगी। बताया जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव में विपक्षी गठबंधन भी अपना प्रत्याशी खड़ा कर सकता है। लोकसभा में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के पास 293, जबकि विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के पास 234 सीटें हैं। बताया जा रहा है कि अगर विपक्षी दलों को डिप्टी स्पीकर का पद नहीं दिया गया तो वे स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार खड़ा कर सकते हैं। इस संबंध में अंतिम निर्णय संसद सत्र शुरू होने से पहले लिया जाएगा। लोकसभा चुनाव 2024 में इंडिया ब्लॉक (विपक्ष) की सीटें बढ़ने के साथ ही 10 साल बाद निचले सदन को विपक्ष का नेता भी मिलेगा। साथ ही विपक्ष उपाध्यक्ष पद के चुनाव की भी उम्मीद कर रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले पांच साल से उपाध्यक्ष का पद खाली है। 17वीं लोकसभा में पांच साल तक उपाध्यक्ष का पद रिक्त रहा। साथ ही यह दूसरी बार था जब सदन में कोई नेता प्रतिपक्ष नहीं था। आमतौर पर उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दिया जाता है। विपक्ष के एक नेता का कहना है कि वे इसके लिए सदन में दबाव बनाएंगे।

बीजेपी उम्मीदवार का समर्थन करेंगी जेडीयू और टीडीपी

जनता दल (यूनाइटेड) के नेता केसी त्यागी ने एक दिन पहले कहा कि उनकी पार्टी और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा हैं और लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए भाजपा द्वारा नामित उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। त्यागी ने कहा, जेडीयू (जनता दल-यूनाइटेड) और टीडीपी (तेलुगु देशम पार्टी) मजबूती से एनडीए में हैं। हम बीजेपी द्वारा (स्पीकर के लिए) नामित व्यक्ति का समर्थन करेंगे। उनसे कुछ विपक्षी नेताओं की टिप्पणियों के बारे में पूछा गया था कि नया लोकसभा अध्यक्ष टीडीपी या जेडी-यू से हो सकता है। इस पर उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र में अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रही है।

जेडीयू या टीडीपी से बनाया जाए लोस का अध्यक्ष : आप

आप ने सोमवार को टीडीपी और जेडी (यू) से कहा था कि लोस अध्यक्ष दोनों पार्टियों में से ही कोई एक हो। राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा था अगर भाजपा लोस अध्यक्ष का पद अपने पास रखती है तो उसके गठबंधन सहयोगी टीडीपी और जेडीयू को अपने सांसदों की खरीद-फरोख्त के लिए तैयार रहना चाहिए।

24 जून को शुरू होगा 18 वीं लोकसभा का पहला सत्र

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कहा कि 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून को शुरू होगा और 3 जुलाई को समाप्त होगा। 9 दिवसीय विशेष सत्र के दौरान, लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा और नए सांसद शपथ लेंगे। इस बीच, राज्यसभा का 264वां सत्र 27 जून से 3 जुलाई 2024 तक आयोजित किया जाएगा।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts