PlayBreaking News

OnePlus के करोड़ों यूजर्स को झटका!कभी युवाओं का फेवरेट था OnePlus, अब भारत समेत बड़े बाजारों से विदाई की तैयारी? रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

स्मार्टफोन बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने वाला OnePlus अब बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी चीन के बाहर अपने कारोबार को सीमित करने की योजना बना रही है। अमेरिका और यूरोप से शुरुआत के बाद भारत से भी 2027 तक एग्जिट की संभावना जताई गई है।
Follow on Google News
कभी युवाओं का फेवरेट था OnePlus, अब भारत समेत बड़े बाजारों से विदाई की तैयारी? रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
OnePlus के सबसे बड़े बाजारों में शामिल।

टेक\ऑटोमोबाइल। कभी कम कीमत में प्रीमियम फीचर्स देने वाला स्मार्टफोन ब्रांड OnePlus अब अपने ग्लोबल कारोबार को लेकर चर्चा में है। कंपनी चीन के बाहर कई बाजारों से अपना कारोबार समेटने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि अमेरिका और यूरोप से निकासी की प्रक्रिया पहले शुरू हो सकती है, जबकि भारत में कंपनी 2027 तक काम जारी रख सकती है। यह कदम Oppo की नई बिजनेस रणनीति और बदलते बाजार हालात से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि OnePlus और Oppo की ओर से इस बारे में कोई घोषणा नहीं की गई है।

‘फ्लैगशिप किलर’ OnePlus के सफर में बड़ा बदलाव

OnePlus ने साल 2014 में स्मार्टफोन बाजार में कदम रखा था और जल्द ही टेक प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हो गया। कम कीमत में दमदार प्रोसेसर, बेहतर कैमरा और शानदार परफॉर्मेंस के कारण इसे कई लोग प्रीमियम फोन का बजट वाला विकल्प मानते थे। कंपनी की शुरुआती सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवा यूजर्स इसके फोन के लिए खास इंतजार करते थे। OnePlus ने अपनी अलग कम्युनिटी बनाई और कुछ समय तक इसे Apple जैसी कंपनियों का मजबूत प्रतियोगी माना गया।

शुरू हो सकता है कारोबार समेटने का कदम

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, OnePlus की पैरेंट कंपनी Oppo अपने ग्लोबल बिजनेस में बदलाव कर रही है। इसी रणनीति के तहत OnePlus के अमेरिका और यूरोप के कारोबार को सीमित करने की योजना बताई जा रही है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी पहले इन बाजारों से बाहर निकल सकती है और बाद में अन्य देशों को लेकर फैसला लिया जा सकता है। अभी तक कंपनी ने इस खबर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भारत OnePlus के लिए रहा है सबसे अहम बाजार

चीन के बाहर भारत OnePlus के सबसे बड़े बाजारों में शामिल रहा है। यहां कंपनी के स्मार्टफोन खासकर 15 हजार से 50 हजार रुपये के सेगमेंट में काफी पसंद किए गए हैं। भारत में कंपनी तुरंत कारोबार बंद नहीं करेगी और 2027 तक यहां अपनी बिक्री और सेवाएं जारी रख सकती है।

बिक्री में दबाव और बढ़ती टक्कर बनी चुनौती

OnePlus के लिए पिछले कुछ साल आसान नहीं रहे हैं। स्मार्टफोन बाजार में Apple, Samsung, Google, Motorola और कई चीनी कंपनियों से मुकाबले के कारण कंपनी को अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा चीन की टेक कंपनियों को लेकर अमेरिका में बढ़ती सख्ती और कानूनी विवादों ने भी कंपनी की चुनौतियां बढ़ाई हैं। Oppo अब ऐसे बाजारों पर ध्यान देना चाहती है जहां बेहतर मुनाफे की संभावना हो।

महंगे कंपोनेंट ने बिगाड़ा बजट

स्मार्टफोन के लिए जरूरी चिप और दूसरे कंपोनेंट की कीमतों में बढ़ोतरी का असर OnePlus पर भी पड़ा है। खासकर कंपनी की Nord सीरीज जैसे बजट फोन को कम कीमत पर तैयार करना पहले की तुलना में कठिन हो गया है। वहीं, चीन समेत कई बाजारों में स्मार्टफोन की मांग में गिरावट ने कंपनियों पर दबाव बढ़ाया है। ऐसे में कम मुनाफे वाले बाजारों में बने रहना चुनौती बनता जा रहा है।

Oppo और Realme भी बदल रहे हैं अपनी रणनीति

रिपोर्ट के अनुसार, Oppo पूरी तरह यूरोप से बाहर नहीं जाएगी, बल्कि मध्य यूरोप जैसे चुनिंदा बाजारों पर ध्यान केंद्रित कर सकती है। वहीं Realme को लेकर भी रणनीति में बदलाव की बात सामने आई है। कंपनियां अब उन क्षेत्रों पर ज्यादा फोकस करना चाहती हैं जहां उनकी बिक्री और बाजार पकड़ मजबूत है।

नए फोन लॉन्च के बीच भविष्य पर सवाल

OnePlus को लेकर एग्जिट की खबरों के बीच कंपनी भारत में नए स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी भी कर रही है। इससे साफ है कि फिलहाल भारत में उसका कारोबार जारी है। हालांकि, आने वाले समय में कंपनी की दिशा क्या होगी, यह Oppo की नई रणनीति और बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगा।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts