
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण-भाद्रपद माह में निकलने वाली सवारियों के क्रम में सावन माह के पहले सोमवार यानी कल सवारी नगर भ्रमण पर निकलेगी। बाबा महाकाल अपने भक्तों को मनमहेश के रूप दर्शन दर्शन देंगे। वहीं बाबा महाकाल की पहली सवारी को लेकर आज प्रशासन ने सवारी मार्ग पर मॉर्कड्रिल कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जहां भी कमी पाई गई उसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
पहली सवारी में चार लाख से अधिक श्रद्धालु होंगे शामिल
कल सोमवार से बाबा महाकाल की सवारी निकलने का सिलसिला शुरू होगा जो 11 सितंबर तक चलता रहेगा। सवारी में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रशासन का अनुमान है कि पहली सवारी में चार लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। इसी को देखते हुए व्यवस्थाएं जुटाई जा रही है। रविवार शाम को कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम और एसपी सचिन शर्मा अन्य विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर पूरे सवारी मार्गा जायजा लेने निकले।
#उज्जैन : कल बाबा #महाकाल की पहली सवारी निकलेगी, प्रशासन ने सवारी मार्ग पर मॉर्कड्रिल कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कलेक्टर और एसपी ने ई-कार्ट से किया सवारी मार्ग का भ्रमण, देखें VIDEO@collectorUJN #Mahakal #MockDrill pic.twitter.com/Nw3MCqVWSb
— Peoples Samachar (@psamachar1) July 9, 2023
दौरे की शुरुआत महाकाल मंदिर से हुई इसके बाद अधिकारी ई-कार्ट में बैठकर सवारी मार्ग पर निकले। इस दौरान हरसिद्धि की पाल और रामघाट पर रुक कर अधिकारियों से जानकारी लेकर व्यवस्थाएं देखी। वहीं वापसी में गोपाल मंदिर और अन्य प्रमुख मार्गों पर किए गए बंदोबस्त देखें।
दोपहर 12:00 से की जाएगी बैरिकेडिंग
बता दें कि प्रशासन द्वारा पूरे सवारी मार्ग पर दोपहर 12:00 से बैरिकेडिंग कर दी जाएगी। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि आम श्रद्धालुओं को भगवान महाकाल के सुलभ दर्शन हो सके ऐसी व्यवस्थाएं की जा रही है। एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि पूरे सवारी मार्ग पर सात सौ पुलिसकर्मियों और 300 से अधिक वॉलिंटियर्स को तैनात किया जाएगा।
महाकाल मनमहेश के रूप में निकलेंगे नगर भ्रमण पर
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी भगवान श्री महाकाल की प्रथम सवारी ठाठ-बाट के साथ परंपमरागत मार्ग से निकाली जाएगी। शाही पालकी में भगवान मनमहेश के स्वरूप में अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
भगवान श्री महाकालेश्वर के श्री मनमहेश स्वरूप का विधिवत पूजन-अर्चन महाकाल मंदिर के सभा मण्डप में होने के पश्चात भगवान श्री मनमहेश पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। उन्होंने बताया कि भगवान की सवारी मन्दिर से अपने परंपरागत निर्धारित समय शाम 4 बजे निकलेगी।
मंदिर के मुख्य द्वार पर दिया जाएगा गार्ड ऑफ ऑनर
ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा भगवान श्री मनमहेश को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी जाएगी। भगवान श्री महाकालेश्वर की पालकी मंदिर से निकलने के बाद परंपरागत मार्ग से होती हुई रामघाट पहुंचेगी। जहां शिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद सवारी परंपरागत निर्धारित मार्ग पुन: महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।
(इनपुट – संदीप पांडला)