भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस ने अपनी विशेष सुरक्षा बटालियन (SSB) के जवानों को अपने शरीर से 15 दिनों के अंदर टैटू हटाने के लिए कहा है। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) ने मंगलवार को आदेश जारी किया है। दरअसल, ‘‘वर्दी पहने जवान की त्वचा पर बने ये टैटू आसानी से ध्यान खींचते'' हैं और इन्हें ‘‘अशोभनीय और अपमानजनक'' माना जाता है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों को एसएसबी के ऐसे जवानों की सूची तैयार करने को कहा, जिनके शरीर पर ऐसे ‘‘टैटू हैं जो आसानी से ध्यान खींचते'' हैं।
टैटू से पुलिस की छवि होती है खराब
डीसीपी (सुरक्षा) ने आदेश में कहा, ‘‘ऐसा पाया गया है कि इकाई के बड़ी संख्या में कर्मियों ने अपने शरीर पर टैटू बनवाए हैं जो बटालियन के साथ-साथ ओडिशा पुलिस की छवि को खराब करते हैं। क्योंकि टैटू आक्रामक, अशोभनीय और अपमानजनक प्रकृति के होते हैं।'' आदेश में कहा गया है, ‘‘इसलिए सोच समझकर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया कि ऐसे टैटू की अनुमति नहीं है, जो वर्दी पहने हुए होने पर भी नजर आता है।''
https://twitter.com/ANI/status/1778003922957050038
टैटू नहीं हटाने पर होगी विभागीय कार्रवाई
डिप्टी कमिश्नर की ओर से ये सलाह भी दी गई है कि पुलिस प्रोफेशन लोग चेहरा, गर्दन और हाथ पर टैटू के स्याही से बचें। साथ ही डीसीपी ने चेतावनी दी कि इस आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इन जवानों की महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर होती है तैनाती
एसएसबी के जवान मुख्यमंत्री आवास, राजभवन, राज्य सचिवालय, ओडिशा विधानसभा और उच्च न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा करते हैं। वे राज्य में वीवीआईपी (अति विशिष्ट लोगों) और गणमान्य व्यक्तियों और शेष भारत से ओडिशा आने वाली विशिष्ट हस्तियों को भी सुरक्षा प्रदान करते हैं।
ये भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल को 24 घंटे में दूसरा झटका, राउज एवेन्यू कोर्ट ने वकीलों से हफ्ते में 5 बार मुलाकात की मांग ठुकराई