
अनुज मीणा- सुबह हल्की सर्दी में लोग ताजगी और शांति के लिए नेचर के बीच वॉकिंग, रनिंग, योग व साइकलिंग करना पसंद करते हैं। 1 नवंबर से वन विहार प्रबंधन ने समय में बदलाव कर वन विहार के बंद होने का समय आधे घंटे पहले कर दिया है, इसके बाद भी पर्यटकों की संख्या में 30 फीसदी की वृद्धि देखने को मिली है। 1 से 6 नवंबर के बीच कुल 13,125 पर्यटकों ने वन विहार का दौरा किया, जबकि पूरे अक्टूबर माह में 51 हजार 888 पर्यटक वन विहार पहुंचे थे। कई पर्यटक ठंडी हवा और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच फिटनेस एक्टिविटी के साथ शेर, बाघ, हिरण जैसे जंगली जानवरों को देखने भी यहां पहुंचते हैं।
शाम 6 बजे बंद हो जाते हैं गेट
वन विहार में समय में आधे घंटे की कटौती कर दी है। अब वन विहार शाम 6.30 बजे के बजाए शाम 6 बजे बंद होने लगा है, सुबह का समय पूर्व का अनुसार 6.30 बजे ही है। हालांकि, यह बदलाव पर्यटकों के आने-जाने की आदतों पर कोई खास असर नहीं डाल सका। यह समय 15 फरवरी तक रहेगा।
छुट्टी वाले दिन भी आता हूं ताकि फिटनेस गोल पूरे हो सकें
शुक्रवार को वन विहार बंद रहता है इस वजह से मैं गेट के बाहर वर्कआउट करता हूं, लेकिन वन विहार आना मिस नहीं करता। मॉर्निंग वॉक, रनिंग, जॉगिंग और एक्सरसाइज करता हूं। सर्दियों में यहां की ठंडक मुझे और भी उत्साहित करती है। मैं यहां रोज आकर अपने फिटनेस गोल्स पूरे करने की कोशिश करता हूं। – राजीव जौहरी, बिजनेसमैन
बेटी और उसके फ्रेंड्स के साथ साइकलिंग
वन विहार का माहौल बहुत शांत और ताजगी से भरा हुआ है। मैं वीकएंड पर अपनी बेटी व उसके दोस्तों के साथ साइकलिंग करने यहां आती हूं। बस यहां की साइकिल बहुत खराब स्थिति में है, उन्हें रिपेयर करना या बदलना चाहिए। वन विहार के बंद होने का समय थोड़ा कम हो गया है, लेकिन मैं अधिकतर सुबह के समय साइकलिंग के लिए वन विहार आती हूं, इसलिए इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। – श्वेता सिंह, होम मेकर
दोस्तों के साथ रेगुलर आता हूं
मैं रोज अपने दोस्त रौनक, आदि, हिमांशु के साथ वन विहार में मॉर्निंग वॉक के लिए आता हूं। ठंडी हवा में वॉक करने का अनुभव बहुत अच्छा होता है। यहां का प्राकृतिक वातावरण और शांति मुझे मानसिक शांति देती है। हम स्पोर्ट्स से भी जुड़े हैं। यहां मॉर्निंग वॉक के साथ ही जॉगिंग, एक्सरसाइज और अन्य फिटनेस एक्टिविटीज भी हम रेगुलर बेसिस पर करते हैं। – योगेश कुमार, स्टूडेंट