मोगा। एक NRI दूल्हा जब बारात लेकर पंजाब के मोगा जिले में पंहुचा, तो उसे न दुल्हन मिली और न ही मैरिज पैलेस। जब दूल्हे ने दुल्हन को कॉल किया तो उसे मोबाइल फोन भी बंद मिला। इसके बाद दूल्हे को बैरंग ही लौटना पड़ा। दूल्हे के परिजनों के मुताबिक दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी जहां उन्हें प्यार हो गया और दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने का फैसला किया। अब दूल्हे ने थाना साउथ सिटी में मामला दर्ज कराया है और पुलिस दुल्हन और उसके परिजनों को ढूंढ़ने में जुटी हुई है।
सोशल मीडिया की लव स्टोरी में खाया धोखा
पूछताछ में दूल्हे दीपक ने बताया कि, वह जालंधर का मूल निवासी है और अभी दुबई में रहता है। हाल ही में वह शादी के लिए इंडिया आया था। दीपक ने आगे बताया कि, करीब चार साल पहले उसकी मोगा के कोट मोहल्ला में रहने वाली मनप्रीत कौर से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने 2 दिसंबर 2024 को शादी करने का फैसला किया।
जब दीपक ने मनप्रीत को सुबह कॉल किया तो उसने बारात लेकर रोज गार्डन आने को कहा। बारात लेकर मोगा पहुंचने पर दुल्हन का फोन ऑफ आने लगा। लोगों से पूछने पर बारातियों को पता चला कि, यहां रोज गार्डन नाम का कोई पैलेस नहीं है। दीपक ने बताय कि, ‘मैं 150 लोगों की बारात लेकर आया हूं, लेकिन लड़की ने मेरे साथ धोखा किया और मेरे परिवार की बेइज्जती करवा दी।’
धोखे से ले चुकी थी 60 हजार
2 दिसंबर की फाइनल डेट समझ कर दीपक शादी की तैयारी में जुट गया। इसी दौरान 29 नवंबर को मनप्रीत का फोन आया और उसने कहा कि उसके पिता की तबीयत खराब है। शादी की डेट पीछे करनी पड़ेगी।
इसके बाद दीपक ने कहा कि, 2 को नहीं तो 6 दिसंबर को शादी कर लेते हैं। दीपक की यह बात लड़की ने मान ली। दीपक ने बताया कि लड़की उससे 60 हजार रुपए भी ले चुकी है।
खुद को बताया था वकील
दीपक ने बताया कि वह पिछले 6 साल से दुबई में रह रहा था और वहां से उसकी मनप्रीत कौर से दोस्ती हुई। लड़की ने उसे बताया था कि वह मोगा में वकील है। दीपक ने मीडिया को बताया कि, वह लड़की से कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिला, क्योंकि वह विदेश में था। जब शादी की बात शुरू हुई, तो लड़की के परिवार ने उसके परिवार से संपर्क किया था।
ये भी पढें- मृत महिला के परिवार को 25 लाख देंगे अल्लू अर्जुन, पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग के दौरान हुई घटना से दुखी है एक्टर