ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

दिव्यांगों के अटके भर्ती अभियान को अब रफ्तार देने की तैयारी

मप्र में 6 हजार पद खाली, 25 प्रतिशत से भी कम पर हुई भर्ती

राजीव सोनी-भोपाल। मध्यप्रदेश में दिव्यांगजनों के हजारों खाली पड़े पदों के लिए भर्ती अभियान को एकाएक रफ्तार देने की तैयारी चल पड़ी है। सामाजिक न्याय विभाग ने हाल ही में सभी विभागों से खाली पदों की जानकारी और भर्ती प्रक्रिया का स्टेटस तलब कर लिया है। प्रदेश के सभी 54 विभागों में से ज्यादातर विभागों में दिव्यांगजन के पदों पर भर्ती होना है। पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, जल संसाधन, कौशल विकास, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, विभिन्न नगरीय निकायों सहित कई विभागों ने 5- 6 महीने पहले भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए थे, लेकिन भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। 31 दिसंबर तक भर्ती अभियान का टारगेट रखा है, जो काम साल भर में नहीं हो पाया उसे अब इसी महीने पूरा करने की हड़बड़ी है।

सरकार ने सभी विभागों को तत्परता से भर्तियां करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में विभागीय सूत्रों का कहना है कि प्रदेश में दिव्यांगों के लिए नौकरियों में 6 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। एक लाख पदों पर भर्ती अभियान शुरू किया गया है। प्रदेश में दिव्यांगों के करीब 8 हजार पद खाली बताए जा रहे हैं। कुछ विभागों में दो-ढाई हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नगरीय निकायों ने प्रारंभिक सूची प्रकाशन की प्रक्रिया के साथ अभ्यर्थियों की सूची तैयार की हैं। सामाजिक न्याय विभाग भोपाल में कार्यक्रम आयोजित कर मौके पर ही दिव्यांगों की समस्याएं हल करने की कवायद में जुटा है।

इस तरह की मुश्किलों का सामना करते हैं…

  • बौद्धिक दिव्यांगता से पीड़ित युवती सपना (बदला हुआ नाम) नौकरी पाने की उम्मीद में ग्वालियर से भोपाल तक केवल आवेदन पत्र जमा करने अपने पिता के साथ इसलिए दौड़ी चली आई ताकि व्यक्तिगत आवेदन जमा करने पर उसकी पावती मिल जाए। पांच महीने हो गए अब तक नौकरी पाने का उसका इंतजार पूरा नहीं हुआ।
  • राजगढ़ जिले के दृष्टि बाधित आवेदक रोशन कुमार ( बदला हुआ नाम) कौशल विकास विभाग सहित कुछ अन्य विभागों में चतुर्थ श्रेणी पद के लिए संविदा नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें भी इंतजार करते हुए 5-6 महीने बीत चुके हैं।
  • नगर निगम भोपाल ने भी 4 महीने पहले दिव्यांगों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। बड़ी संख्या में आवदेन आए, लेकिन अब तक पोस्टिंग ऑर्डर जारी नहीं हुए । दिव्यांगों को फायरमैन जैसी फील्ड पोस्टिंग का मामला तूल पकड़ने के बाद सत्यापन को भेजा गया है।

दिव्यांगों की इन पदों पर होना है भर्तियां

  • तृतीय श्रेणी : स्टेनो टायपिस्ट।
  • चतुर्थ श्रेणी : चौकीदार, भृत्य, स्वीपर, माली, पानीवाला, फर्राश, लिफ्टर।

ये हैं दिव्यांगता के प्रकार लोकोमीटर डिसेबिलिटी

  • बौनापन, सेरेब्रल पाल्सी
  • एसिड अटैक पीड़ित
  • मस्कुलर डिस्ट्राफी।
  • दृष्टि बाधित, श्रवण बाधित
  • ऑटिज्म, बौद्धिक दिव्यांगता एवं बहुविकलांगता आदि।

भर्ती अभियान में तेजी, जानकारी मांगी है…

दिव्यांग भर्ती अभियान में तेजी लाने के लिए सभी विभागों को कहा गया है। विशेष प्रपत्र में जानकारी भी मांगी गई है। भोपाल में 4 दिसंबर को कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। हेल्प लाइन रिवाइव की जाएगी, समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा। – सोनाली पोंक्षे वायंगणकर, प्रमुख सचिव, सामाजिक न्याय विभाग मप्र

संबंधित खबरें...

Back to top button