ताजा खबरराष्ट्रीय

Nikki Murder case : निक्की की हत्या में साहिल के परिजन और दोस्त भी थे शामिल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के निक्की यादव हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि निक्की हत्याकांड की साजिश में साहिल के अलावा उसका परिवार और दोस्त भी शामिल थे। इस मामले में तफ्तीश के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच ने साहिल के पिता, दो भाइयों के अलावा दो दोस्तों को भी गिरफ्तार किया है। साहिल गहलोत ने अपनी पत्नी निक्की यादव की हत्या कर दी थी। इसके 12 घंटे बाद ही उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली थी और अगले दिन वापस आकर निक्की के शव को फ्रिज में रख दिया था।

इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस को पता चला है कि साहिल गहलोत और निक्की यादव ने अक्टूबर 2020 में आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। यहां से दोनों का सर्टिफिकेट भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक साहिल का परिवार उन दोनों की शादी से खुश नहीं था। इस वजह से उन्होंने साहिल की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। दिसंबर, 2022 में उसकी दूसरी जगह शादी तय हुई और लड़की के परिजनों को यह नहीं बताया कि साहिल पहले से शादीशुदा है।

परिजन डाल रहे थे शादी का दबाव

पुलिस पूछताछ में साहिल ने बताया कि दिसंबर 2022 में उसके परिजन उस पर शादी के लिए दबाव डाल रहे थे। दबाव में आकर उसने शादी के लिए हां कर दिया। 9 फरवरी को उसकी सगाई और 10 को शादी थी। यह जानकारी निक्की को हुई तो दोनों में विवाद हुआ। उसने बताया कि निक्की ने मुझपर दूसरी शादी न करने का दबाव डाला। इसी को लेकर उनमें काफी विवाद हुआ था। इसके बाद निक्की और साहिल ने शादी से पहले भागकर गोवा जाने का फैसला किया। निक्की ने टिकट बुक कराए। लेकिन साहिल गोवा भागने से पीछे हट गया।

घुमाने के बहाने ले गया कार में

पूछताछ में सामने आया है कि निक्की ने साहिल को उस पर एफआईआर कराने की धमकी दी। इसके बाद साहिल उसे समझाबुझाकर कार से घुमाने के लिए निकला। लेकिन कार में भी दोनों के बीच विवाद चलता रहा। इसके बाद साहिल ने कश्मीरी गेट और ISBT के पास कार में मोबाइल की चार्जिंग केबल से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद उसने निक्की के शव को लेकर दिल्ली की सड़कों पर 40 किलोमीटर तक घूमता रहा। फिर वह ढाबे पहुंचा और शव को फ्रिज में छिपा दिया। अगले ही दिन उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button