मध्यप्रदेश में न्यू ईयर का वेलकम कंपकंपाती ठंड के साथ होने की उम्मीद है। प्रदेश में 31 दिसंबर की रात सर्द हवाओं के साथ कोहरा, पाला और ठिठुरन रहेगी। बता दें कि पचमढ़ी, ओरछा और खजुराहो में कड़ाके की ठंड रहेगी। वहीं मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ज जारी किया है।
प्रमुख शहरों में ऐसा रहेगा मौसम
भोपाल : राजधानी में दिन का पारा 19-20 डिग्री के नीचे रहेगा। रात का पारा 7 डिग्री तक पहुंच जाएगा। बता दें कि रात को 11 बजे के बाद हवाओं की रफ्तार 10-15 किमी प्रतिघंटा रहने से ज्यादा सर्दी लगेगी।
जबलपुर : जबलपुर में राजधानी भोपाल जैसी ठंड रहेगी। हालांकि दिन में तापमान में मामूली बढ़ोतरी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, रात का तापमान नीचे आएगा।
ग्वालियर : अगले 48 घंटे तक ग्वालियर और चंबल संभाग में रात और दिन के तापमान में गिरावट आएगी। यहां अभी कोहरा जारी रहेगा।
इंदौर : मौसम विभाग के मुताबिक, यहां मौसम सुहावना बना रहेगा। यहां दिन और रात के तापमान काफी नीचे नहीं जाएंगे। मौसम सामान्य रहेगा। इंदौर में रात का पारा 7-9 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
पचमढ़ी, ओरछा, खजुराहो में कड़ाके की ठंड
प्रदेश के सबसे बड़े पर्यटन स्थल पचमढ़ी, खजुराहो और ओरछा में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इन तीनों जगह पर पाला गिरने की संभावना है। वहीं रात का पारा 4 डिग्री तक जा सकता है।
इन शहरों में 10 साल में दिसंबर में रही सबसे ज्यादा ठंड
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस) | साल |
होशंगाबाद | 5.1 | 2014 |
इंदौर | 5.5 | 2014 |
पचमढ़ी | -1.5 | 2014 |
भोपाल | 4.9 | 2018 |
उज्जैन | 2.5 | 2018 |
ग्वालियर | 2.1 | 2019 |
खजुराहो | 3.4 | 2019 |
जबलपुर | 4.4 | 2019 |
इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। जिसमें शाजापुर, आगर, दतिया, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, श्योपुर सहित राजधानी भोपाल भी शामिल है। वहीं जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में भी बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
इन शहरों में चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग के मुताबिक, रायसेन, धार, सिवनी, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, छतरपुर, सागर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन, सीहोर, बैतूल, मंडला, बालाघाट, जबलपुर, रीवा, सतना और गुना में दो दिन शीतलहर चलने की संभावना है।