धर्म

New Year 2022 : जानें पूरे साल का राशिफल, क्या कहते हैं आपके सितारे

नए साल से सभी लोगों को काफी उम्मीदें होती हैं। जैसे कि नए साल में उनकी किस्मत कैसी होगी, भाग्य साथ देगा या मेहनत ज्यादा करनी होगी, पारिवारिक स्थिति व स्वास्थ्य कैसा रहेगा, आर्थिक स्थिति कैसी रहने वाली है। आइए ज्योतिषाचार्य पंडित अरविंद तिवारी के अनुसार जानते हैं वार्षिक राशिफल 2022 मेष से लेकर मीन राशि के जातकों के लिए कैसा रहने वाला है।

मेष राशि के जातकों के लिए वर्ष 2022 सभी तरह की सफलताएं दिलाने वाला रहेगा। पिछले कुछ वर्षों से जिन परेशानियों से जूझ रहे थे वे दूर होने वाली हैं। लेकिन फिर भी कुछ मामलों में मानसिक अस्थिरता का अनुभव कर सकते हैं। कार्य-व्यवसाय में धीरे-धीरे ही सही लेकिन नए वर्ष में प्रगति होने वाली है। राजनीतिज्ञों को सफलताएं मिलेंगी। पद और प्रतिष्ठा की प्राप्ति हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों की बात करें तो वर्ष उन्नतिदायक रहेगा। नौकरी में प्रमोशन मिलेगा। हालांकि नौकरी में स्थानांतरण के योग भी हैं। विद्यार्थियों के लिए वर्ष उत्तम रहेगा। प्रतियोगी और अन्य परीक्षाओं में सफलता मिलेगी।

आर्थिक स्थिति : वर्ष 2022 में आप आर्थिक रूप से सशक्त होकर उभरेंगे और यह क्रम पूरे वर्ष जारी रहेगा। भूमि, भवन, संपत्ति, शेयर, कमोडिटी कारोबार से लाभ अर्जित करेंगे, लेकिन ध्यान रहे निवेश करने से पहले दस्तावेजों को बिना पढ़ें साइन न करें। पैतृक संपत्ति को लेकर मामले उलझ भी सकते हैं, लेकिन अपनी सूझबूझ से आप उन्हें सुलझा लेंगे। जून से अगस्त के मध्य आर्थिक मामलों में सतर्क रहें, किसी भी योजना में धन लगाने में सावधानी रखें।

परिवार : पारिवारिक स्थिति वर्ष 2022 में सामान्य और संतुलित रहेगी। अप्रैल से जून के बीच परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ने वाली हैं। परिवार में मांगलिक प्रसंग आएंगे। संतान पक्ष के लिए समय अनुकूल हैं। नव दंपतियों को संतान सुख प्राप्त होगा। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। इस राशि के अविवाहितों के विवाह की बात बन सकती है। इस साल विदेश और तीर्थ यात्राओं के योग भी बनेंगे।

स्वास्थ्य : वर्ष 2022 स्वास्थ्य की दृष्टि से थोड़ा कमजोर रहेगा। वर्ष के प्रारंभिक माह में ही राशि स्वामी मंगल के अष्टम में गोचर करने से स्वास्थ्य गड़बड़ा सकता है। रक्त, किडनी, पेट, लिवर संबंधी परेशानियां आ सकती हैं। अत्यधिक क्रोध और तनाव के कारण ब्लड प्रेशर बढ़ने की समस्या भी रहेगी।

वृषभ राशि के जातकों के लिए वर्ष 2022 नई उम्मीदों के साथ नई चुनौतियां भी लेकर आने वाला है। हालांकि, मानसिक रूप से आप मजबूत और स्थिर रहेंगे। इस वर्ष कार्यों और योजनाओं को गति मिलेगी। व्यापार-व्यवसाय में लाभदायक स्थिति में पहुंच जाएंगे। कारोबार में बड़ा निवेश भी करेंगे। युवाओं को नए स्टार्टअप में हाथ आजमाना चाहिए, लाभ की संभावनाएं अधिक रहेंगी। नौकरीपेशा लोगों की बात करें तो थोड़ी अस्थिरता रहेगी। उच्चाधिकारियों के साथ पटरी नहीं बैठने के कारण जॉब बदलना पड़ सकती है। मई से अगस्त के बीच इस तरह के मामले ज्यादा आ सकते हैं। शेयर बाजार, बीमा जैसे कार्यो में लगे हुए लोग भी सतर्क रहें।

आर्थिक स्थिति : यह वर्ष आपकी अचल संपत्तियां बढ़ाने वाला साबित होगा। एक मकान है तो दो हो जाएंगे और दो हैं तो तीन हो जाएंगे। भूमि खरीदेंगे। कृषि भूमि में भी निवेश करने के योग बनेंगे। इसके साथ ही घर-परिवार में नया वाहन भी आएगा। पुराने निवेश से इस वर्ष बड़ा लाभ अर्जित करेंगे। कार्यों को गति मिलने से भौतिक सुखों में वृद्धि होगी। जून से सितंबर के बीच कोई बड़ा पैसा हाथ लग सकता है।

परिवार : पारिवारिक और सामाजिक प्रतिष्ठा आपके पक्ष में रहेगी। वर्ष 2022 के प्रारंभ से ही परिवार में मांगलिक प्रसंग प्रारंभ हो जाएंगे। पारिवारिक वातावरण पूर्ण सौहा‌र्द्र और प्रेमपूर्ण रहेगा। परिवार के सहयोग से बड़ी योजनाएं साकार करने में सफल होंगे। अविवाहितों के विवाह की बात जुलाई के बाद पक्की हो सकती है। दंपतियों के तलाक के मामले सुलझेंगे।

स्वास्थ्य : स्वास्थ्य की दृष्टि से वर्ष 2022 उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। एलर्जी, नेत्र विकार, मस्तिष्क संबंधी रोग उभरेंगे। मार्च और जून महीने में स्वास्थ्य में कोई बड़ी समस्या आ सकती है। बीमारियों पर खर्च भी होगा। सतर्क रहें वाहन और मशीनरी से चोट लगने की आशंका है।

मिथुन राशि के जातकों के लिए वर्ष 2022 मानसिक रूप से अस्थिरता वाला रहेगा। इस वर्ष आपके कार्य विलंब से होंगे। कार्य पूरे होने में भी संदेह रहेगा। अनावश्यक तनाव और वाद-विवाद बार-बार परेशान करेंगे। हालांकि अच्छी बात यह होगी कि आप अपनी अच्छी छवि और अच्छे व्यवहार के कारण किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से संकटों को दूर करने में सफल हो जाएंगे। कार्य क्षेत्र में प्रतिस्पर्धी परेशानी खड़ी करेंगे। बिजनेस में विवादित स्थिति बन सकती है। हालांकि चाहें तो नए कार्य शुरू कर सकते हैं। युवाओं को स्टार्टअप्स के लिए अच्छे मौके मिलेंगे। नौकरी में उच्चाधिकारियों से तनावपूर्ण स्थिति बनने के बावजूद आपकी नौकरी सुरक्षित रहेगी।

आर्थिक स्थिति : मिथुन राशि के जातकों की आर्थिक स्थिति वर्ष 2022 में सामान्य रहेगी। हालांकि लाभ के अवसर अधिक आएंगे। भूमि, संपत्ति, वाहन सुख पहले से ही प्राप्त है। इनमें वृद्धि होने की संभावना है। लेकिन ध्यान रहे अधिक लालच न करें, अन्यथा बेवजह के संकटों में घिर सकते हैं। खर्च की अधिकता रहेगी लेकिन अच्छी बात यह रहेगी कि खर्च पारिवारिक शुभ और मांगलिक प्रसंगों पर होगा।

परिवार : मिथुन राशि के जातकों की पारिवारिक स्थिति शुभ और उन्नतिदायक रहेगी। नव दंपति परिवार विस्तार करने में सफल होंगे। सामाजिक जीवन में प्रतिष्ठा, सम्मान और समाज में कोई बड़ा पद मिल सकता है। भाई-बहनों के साथ पुराने विवाद का निपटारा होगा। माता-पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रहें। मित्रों के साथ किसी धार्मिक स्थान की यात्रा पर जाने का योग है।

स्वास्थ्य : स्वास्थ्य की दृष्टि से मिथुन राशि के जातकों के लिए वर्ष 2022 राहत वाला रहेगा। रोगों में कमी आएगी। हालांकि पेट संबंधी रोग, अपच जैसी समस्याएं बार-बार आ सकती हैं। खानपान का विशेष ध्यान रखना होगा। अस्थमा और कमजोर फेफड़े वाले रोगियों को विशेष सतर्कता रखनी होगी।

कर्क राशि के जातकों के लिए व्यावसायिक दृष्टि से वर्ष 2022 काफी चुनौतीपूर्ण रहेगा। अस्थिरता और गलत निर्णय लेने के कारण नित-नई परेशानियां आएंगी। मार्च अंत से कुछ राहत मिलेगी लेकिन अक्टूबर से फिर परेशानियां अधिक आएंगी। औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्रों से लाभ की स्थिति भी बनेगी। यदि कारोबार में कोई परेशानी आए तो धैर्य और साहस से काम लेना होगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए वर्ष 2022 बड़ी तरक्की वाला साल रहेगा। किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से सरकारी सेवा क्षेत्र में बड़ा पद हासिल करने में सफल होंगे। नई पदस्थापना, नए शहर में जा सकते हैं। युवाओं को बड़ी कंपनियों से अच्छे ऑफर आ सकते हैं। राजनीतिज्ञों के लिए वर्ष महत्वपूर्ण और निर्णायक रहेगा

आर्थिक स्थिति : स्थायी संपत्ति में बढ़ोतरी होगी लेकिन पैतृक संपत्ति को लेकर भाई-बहनों से चल रहे विवाद में आपके हाथ अधिक कुछ नहीं आने वाला है। वर्ष 2022 में आपके लिए सबसे अधिक लाभ देने वाले मार्गों में शेयर मार्केट रहेगा, लेकिन इसके लिए आवश्यक है कि आपको इस क्षेत्र में भरपूर ज्ञान हो, आधे-अधूरे ज्ञान के दम पर इस क्षेत्र में न आएं। खर्च की अधिकता के बावजूद आप अच्छी बचत करने में सफल होंगे। भौतिक सुख सुविधाओं पर खर्च करेंगे।

परिवार : पारिवारिक जीवन पूर्णत: सुखद रहेगा। परिवार में यदि विवाह योग्य कोई युवक-युवती है तो उसके विवाह का पूर्ण योग बनेगा। दांपत्य जीवन में प्रेम बढ़ाने वाला साल रहेगा। इस दौरान नए प्रेम संबंध भी भरपूर बनेंगे लेकिन सतर्क रहें, इन मामलों में आपके साथ धोखा भी हो सकता है। भाई-बहनों के साथ पर्यटन का अवसर आएगा। एक बात का ध्यान रखना है कि वर्ष 2022 के उत्तरार्ध में परिवार के बुजुर्गों पर किसी प्रकार का संकट आ सकता है।

स्वास्थ्य : वर्ष 2022 में कर्क राशि के जातक संक्रामक रोगों से घिर सकते हैं। श्वसन तंत्र, फेफड़ों से संबंधित रोग परेशान करेंगे। डायबिटीज, अस्थमा, ब्लड प्रेशर के रोगी संकटग्रस्त रहेंगे। परिवार के बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी कोई बड़ी परेशानी आ सकती है, जिस पर खर्च भी अधिक करना पड़ेगा।

सिंह राशि के जातकों के लिए कार्य क्षेत्र की दृष्टि से वर्ष 2022 पूर्णत: अनुकूल रहने के संकेत नजर आ रहे हैं। कारोबारी और औद्योगिक क्षेत्र में पूर्ण सफलता के योग बन रहे हैं। पुराने वर्षों से चली आ रही परेशानियों का अंत होगा। अपने साहस, धैर्य और काम के प्रति लगन-ईमानदारी के कारण विपरीत परिस्थितियों को भी अपने अनुकूल बनाने में सफल होंगे। उद्योग धंधे में अपने लक्ष्य के मुताबिक सफलता अर्जित करेंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए भी वर्ष उन्नति वाला रहेगा। अपनी उत्तम कार्यशैली और मृदु व्यवहार के कारण पदोन्नति अर्जित करेंगे। सरकारी क्षेत्र के नौकरीपेशा लोगों को बड़ा पद मिल सकता है। कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े युवाओं को मल्टीनेशनल कंपनियों में बड़ी सैलेरी और बड़ा पद, बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। पढ़ाई कर रहे युवाओं को फोकस व्यावसायिक शिक्षा पर ही रखना होगा।

आर्थिक स्थिति : आर्थिक दृष्टि से वर्ष 2022 आपके पक्ष में नजर आ रहा है। भूमि, भवन, संपत्ति के बंटवारे का निपटारा होगा। अपनी मेहनत से नई संपत्ति का निर्माण करेंगे। बड़ा वाहन खरीदना हो या परिवार के लिए भौतिक सुख-सुविधाएं जुटाने की बात हो, सभी में लाभ प्राप्त होगा। बचत योजनाओं में निवेश करके अच्छा लाभ कमाएंगे।

परिवार : पारिवारिक जीवन वैसे तो उत्तम रहेगा लेकिन आर्थिक मामलों को लेकर परिवार में विवाद हो सकता है। दांपत्य जीवन में टकराव की स्थिति बन सकती है। सामाजिक जीवन में प्रतिष्ठा और सम्मान प्राप्त होगा। किसी विशेष संगठन या संघ समूह का प्रमुख आपको बनाया जा सकता है।

स्वास्थ्य : स्वास्थ्य नरम-गरम बना रहेगा। इस वर्ष अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनाने पर पूरा ध्यान दें। ध्यान योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने का प्रयास करें। संक्रामक रोगों से बचकर रहें। बाहरी खानपान का ध्यान रखें, स्वच्छता अपनाकर अनेक रोगों से बचे रह सकते हैं।

कन्या राशि के जातकों के करियर की बात करें तो वर्ष 2022 आपके लिए हर तरह से अनुकूल रहने के संकेत दे रहा है। आपके सोचे हुए कार्यों में से 80 प्रतिशत काम इस साल पूरे हो जाएंगे। विशेषकर यदि आप नई कार्य योजना बना रहे हैं या कोई नया कार्य प्रारंभ करना चाहते हैं तो आपको हर तरह से अनुकूलता मिलेगी। छोटे-छोटे निवेश से बड़ा कार्य संपन्न कर पाएंगे। नया कारोबार स्थापित करने के लिए वर्ष शुभ है। नौकरीपेशा लोगों का स्थानांतरण होगा। उच्चाधिकारियों से अच्छे संबंधों का लाभ मिलेगा। यंग प्रोफेशनल्स और फ्रेशर्स को नौकरी तलाशने में परेशानी नहीं आएगी। विद्यार्थियों को पूरा फोकस अपने काम पर रखना होगा। संबंधित क्षेत्र के अनुभवी लोगों की सलाह अवश्य लें।

आर्थिक स्थिति : कन्या राशि के जातकों के लिए वर्ष 2022 आर्थिक दृष्टि से अनुकूल रहेगा। जमा पूंजी में वृद्धि होगी। बचत योजनाओं से भरपूर लाभ कमाएंगे। शेयर, कमोडिटी, प्रॉपर्टी ब्रोकिंग एजेंट्स उत्तम लाभ में रहेंगे। स्थायी संपत्ति में वृद्धि होगी। आय के एक से अधिक साधन रहने से धन संबंधी कोई परेशानी नहीं आएगी। परिवार में मांगलिक कार्यो पर खर्च करेंगे।

परिवार : आपका पारिवारिक जीवन मिलाजुला रहेगा। परिवार में शुभ कार्य होने का अवसर आएगा। रिश्तेदारों के यहां मांगलिक प्रसंगों में जाने का अवसर आएगा। पारिवारिक और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। मित्रों के साथ अच्छा वक्त बिताएंगे। पुराने बिछड़े हुए स्वजन जिनसे लंबे समय से मेल मुलाकात नहीं हुई उनसे मिलने का मौका मिलेगा। घर-परिवार मेहमानों से परिपूर्ण रहेगा।

स्वास्थ्य : स्वास्थ्य गड़बड़ा सकता है। हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और संक्रमक रोग बार-बार परेशान करेंगे। फरवरी से अप्रैल के बीच अधिक परेशानी देखने को मिल सकती है। संतान पक्ष के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना होगा। यात्राओं में चोट लगने की आशंका है, सतर्क रहें।

तुला राशि के जातकों के लिए वर्ष 2022 कुछ बड़े बदलावों वाला साल रहेगा। ये बदलाव अच्छे और बुरे दोनों ही प्रकार के हो सकते हैं। कार्य क्षेत्र में भारी उठापटक हो सकती है। आपके महत्व को खारिज किया जाएगा लेकिन आप हिम्मत न हारें, लगातार प्रयास करते रहेंगे तो जल्द ही अच्छी पोजिशन हासिल कर लेंगे। बैंकिंग के क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपना शहर छोड़ना पड़ सकता है। अन्य नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा,  लेकिन उन्हें भी स्थानांतरण का सामना करना पड़ सकता है। सरकारी सेवा क्षेत्र से जुड़े लोग लाभ की स्थिति में रहेंगे। बिजनेस में त्वरित निर्णय लेने का लाभ मिलेगा। आपके साथ कारोबार में नए लोग जुड़ेंगे और आपको आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होंगे। युवाओं को नौकरी के अनेक अवसर मिलेंगे लेकिन उनमें किसी में स्थायित्व इस वर्ष नहीं रहने वाला है। वर्ष 2022 की समाप्ति पर स्थायित्व की स्थिति बनेगी।

आर्थिक स्थिति : तुला राशि के जातकों की आर्थिक स्थिति वर्ष 2022 में बेहद मजबूत रहेगी। कार्य क्षेत्र में बड़े बदलावों के बावजूद पैसों के मामले में लाभ में रहेंगे। पुराने निवेश और अन्य साधनों से बड़ी आय अर्जित करेंगे। पैतृक संपत्ति का फैसला आपके पक्ष में आएगा। भूमि, भवन संपत्ति खरीदने के योग बनेंगे। घर-परिवार में लग्जरी वाहन आने का योग बनेगा।

परिवार : नए वर्ष में आपकी पारिवारिक स्थिति सुखद रहेगी। आपके प्रत्येक निर्णय में परिवार का पूरा सहयोग रहेगा। एक-दो ऐसे मित्र भी रहेंगे जो आपको जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मदद करेंगे। आपका हौसला और हिम्मत बढ़ाते रहेंगे। उन्हें अपनी जिंदगी से दूर न जाने दें। परिवार में अनेक शुभ और मांगलिक प्रसंग भी आएंगे। पारिवारिक समागम और यात्राओं के अवसर भी आएंगे।

स्वास्थ्य : इस वर्ष आपका स्वास्थ्य तो ठीक रहेगा लेकिन माता-पिता के स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना होगा। स्वयं को मानसिक तनाव, पेट संबंधी रोग, आंतों में इंफेक्शन, स्त्रियों को माहवारी से संबंधित अनियमितता हो सकती है। गर्भवती महिलाएं विशेष सतर्क रहें। संक्रामक रोगों का खतरा बना रहेगा।

वृश्चिक राशि के लिए वर्ष 2022 पूर्णत: सफलता दिलाने वाला रहेगा। आर्थिक आधार पर देखें तो कई अनुकूल परिस्थितियां उत्पन्न होंगी। औद्योगिक क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों से रुके हुए कार्यों को गति मिलेगी। नया कारोबार स्थापित करने में कामयाब होंगे। सेवा क्षेत्र से जुड़ा व्यवसाय करने वालों को विशेष लाभ प्राप्त होगा। अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए कुछ भरोसेमंद लोगों को साथ लेना पड़ेगा। युवाओं को नए स्टार्टअप्स में हाथ आजमाना चाहिए। वर्ष में बृहस्पति का शुभ गोचर और राशि स्वामी मंगल के श्रेष्ठ स्थिति में रहने से मार्च से जुलाई का समय महत्वपूर्ण रहेगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए भी यह वर्ष निर्णायक साबित होगा। अपने मेहनत के दम पर पदोन्नति हासिल करेंगे। यंग प्रोफेशनल्स को आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिलेंगे।

आर्थिक स्थिति : वृश्चिक राशि की आर्थिक स्थिति के लिए वर्ष 2022 अत्यंत शुभ रहेगा। भूमि, भवन, कृषि आदि कार्यों से खूब पैसा अर्जित करेंगे। पुराने निवेश में उतार-चढ़ाव के बावजूद अच्छा लाभ मिलेगा। इस वर्ष कहीं से ऐसा पैसा मिलने वाला है जिसके बारे में आपने सोचा भी नहीं था या आपके पुरखे कहीं निवेश करके भूल गए थे, वह अचानक सामने आएगा। शेयर कारोबार से अच्छा लाभ अर्जित करेंगे।

परिवार : पारिवारिक दृष्टि से वर्ष मिला जुला रहेगा। भाई-बहनों से किसी बात पर बड़ा विवाद हो सकता है। इससे मानसिक तनाव उत्पन्न होगा। इस राशि की स्त्रियों को ससुराल पक्ष से मानसिक तनाव, प्रताड़ना का सामना करना पड़ सकता है। पारिवारिक विवादों को शांति से बैठकर आपसी बातचीत से सुलझाने का प्रयास करें। परिवार के बुजुर्गों को महत्व दें। जुलाई से नवंबर 2022 के बीच परिवार में मांगलिक और शुभ प्रसंग आएंगे।

स्वास्थ्य : स्वास्थ्य में बार-बार बदलाव होंगे। सेहतमंद बने रहने के लिए सात्विक खानपान रखें। योग, ध्यान को जीवन में अपनाने से स्वास्थ्य संबंधी अनेक परेशानियों को दूर कर पाएंगे।

वर्ष 2022 में धनु राशि के जातकों के लिए हर क्षेत्र में अनुकूल परिस्थितियां उत्पन्न होंगी। नए कार्य क्षेत्र में पदार्पण करेंगे जिससे जिम्मेदारियां भी बढ़ेंगी। कारोबार में नए आयाम स्थापित करेंगे। आपकी मेहनत, लगन, कर्मठता और ईमानदारी के कारण कारोबार में प्रतिष्ठित बनकर उभरेंगे। नया कार्य व्यवसाय प्रारंभ करना चाहते हैं तो मार्च के बाद प्रयास करें सफलता मिलेगी। नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ के अवसर आएंगे। लेकिन जिनके पास नौकरी नहीं है, उन्हें भी मार्च के बाद से नौकरी के अनेक अवसर मिलेंगे। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में युवाओं को बेहतर रोजगार मिलने वाला है। विद्यार्थियों को फोकस पढ़ाई पर रखना होगा। यह वर्ष धनु राशि की कारोबारी और नौकरीपेशा स्ति्रयों के लिए बेहतर रहेगा।

आर्थिक स्थिति : इस वर्ष आपको आय बढ़ाने वाले अनेक साधन प्राप्त होंगे। इस वर्ष पारिवारिक जरूरतों और मांगलिक प्रसंगों पर खर्च भी अधिक होगा लेकिन आय भरपूर रहने के कारण परेशानी नहीं आएगी। चल-अचल संपत्ति में वृद्धि होगी। कृषि भूमि और कृषि संबंधित कार्यों से लाभ कमाएंगे। पैतृक कारोबार का विस्तार करें अच्छा पैसा आएगा।

परिवार : घर-परिवार, संतान पक्ष की चिंता रहेगी। माता-पिता और जीवनसाथी का स्वास्थ्य गड़बड़ा सकता है। परिवार में सुखद वातावरण रहेगा। भाई-बंधुओं से किसी बात को लेकर चल रहा मनमुटाव दूर होगा। परिवार, रिश्तेदारी के मांगलिक प्रसंगों में जाने का अवसर आएगा। मित्रों का सहयोग भरपूर रहेगा। नए प्रेम संबंध बन सकते हैं।

स्वास्थ्य : इस वर्ष धनु राशि के जातक जोड़ों और हड्डियों के रोगों से परेशान रहेंगे। त्वचा पर किसी प्रकार की एलर्जी हो सकती है। पेट के रोगों से परेशान रहेंगे। माता-पिता के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना होगा। खानपान संतुलित रखें। योग को जीवन का हिस्सा बनाएं।

मकर राशि के लिए वर्ष 2022 अनेक संभावनाओं का द्वार खोलेगा। राशि स्वामी की साढ़ेसाती लाभप्रद रहेगी। चाहे आप कारोबारी हो या नौकरीपेशा सभी तरह से लाभ मिलने की स्थिति बनेगी। अपनी कार्यशैली और काम के प्रति जुनून से कभी पराजय का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि इसी कारण आपके प्रतिस्पर्धी या आपसे जलने वाले लोग किसी भी प्रकार से आपका नुकसान करने का प्रयास करेंगे। बिजनेस में कोई आपकी ईमानदारी का गलत फायदा उठाकर प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास करेगा। नया कारोबार शुरू करना चाहते हैं तो अप्रैल से प्रयास शुरू करें। पहले से चल रहे कारोबार को गति देने का प्रयास पूरे साल करते रहें। बात अगर नौकरीपेशा लोगों की करें तो पदोन्नति में थोड़ा विलंब हो सकता है लेकिन अंतत: आप लाभ हासिल करके ही मानेंगे। युवाओं को भी अनेक अवसर आएंगे लेकिन स्थायित्व वाला जॉब वर्ष के अंत में ही मिल पाएगा।

आर्थिक स्थिति : इस वर्ष आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी लेकिन अनावश्यक खर्च की भरमार रहेगी। कई बार तो आप ऐसी जगह पैसा खर्च कर देंगे जहां करने की कतई आवश्यकता नहीं रहेगी। मित्रों, रिश्तेदारों को पैसा उधार देना पड़ सकता है। भूमि, संपत्ति, वाहन में निवेश करेंगे। भाई-बहनों का काम जमाने के लिए भी पैसा आपको ही लगाना होगा। शेयर, कमोडिटी मार्केट में सोच-समझकर ही निवेश करें।

परिवार : पारिवारिक स्थिति अनुकूल बनी रहेगी। पारिवारिक माहौल में सहजता बनी रहेगी। घर-परिवार में मांगलिक प्रसंग आएगा। प्रेम संबंधों में गर्माहट रहेगी लेकिन रिश्ते में पारदर्शिता रखनी जरूरी होगी। जीवनसाथी पर अपनी मर्जी थोपने का प्रयास न करें। रिश्तों में स्वतंत्रता रखनी जरूरी होगी।

स्वास्थ्य : इस वर्ष आप मन से कमजोर रहेंगे। भावनात्मक ज्वार बार-बार परेशान करेगा। रिश्ते टूटने के कारण परेशानी महसूस करेंगे जिससे मानसिक तनाव भी होगा। संक्रामक रोग परेशान करेंगे। जिन लोगों को अस्थमा है या किसी न किसी श्वसन संबंधी रोग से ग्रस्त हैं वे विशेष ध्यान रखें।

कुंभ राशि के जातकों को वर्ष 2022 में कार्य क्षेत्र में सफलता अर्जित करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। कोई भी काम आसानी से पूरा नहीं होगा लेकिन यह भी निश्चित है कियदि मेहनत कर ली तो फिर सफल होने से कोई रोक भी नहीं पाएगा। साढ़ेसाती के प्रभाव के कारण कार्यो में विलंब होगा, कार्य लंबे खिंचेंगे। कारोबार, व्यवसाय में अपनी ऊर्जा और शक्ति का पूरा प्रयोग करें, विस्तार में सहायक होगा। नया कार्य प्रारंभ करना चाहते हैं तो फरवरी से जून के बीच विशेष प्रयास करें। पुराने कार्यो में साझेदारों की सहायता लेनी पड़ सकती है। कार्य विस्तार के लिए कर्ज भी लेना पड़ेगा। नौकरीपेशा लोगों को उन्नति के लिए इंतजार करना पड़ेगा। उच्चाधिकारियों से पटरी नहीं बैठने के कारण पदोन्नति भी नहीं मिलेगी, उल्टे आपको स्थानांतरित किया जा सकता है। युवाओं को जॉब के नए अवसर मिलेंगे। अक्टूबर-नवंबर में अच्छे अवसर सामने आएंगे।

आर्थिक स्थिति : चल-अचल संपत्ति में बढ़ोतरी होगी। नवीन उपक्रम एवं वाहनादि क्रय करने के योग बनेंगे। शेयर कारोबारी लाभ में रहेंगे। भूमि, भवन संबंधी मामलों में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। पैतृक संपत्ति का मामल सुलझेगा। पारिवारिक कार्यो और जरूरतों पर खर्च करना होगा।

परिवार : वर्ष 2022 में पारिवारिक स्थिति बेहतर रहेगी। पूरे परिवार में सामंजस्य और सहयोग रहेगा। हालांकि भाइयों से किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है। जीवनसाथी के साथ रिश्ता मजबूत रहेगा और दोनों एक-दूसरे को सहयोग करेंगे। माता-पिता का पूर्ण सहयोग मिलेगा। किसी बड़े निर्णय में वरिष्ठों का मार्गदर्शन जरूर लें। नवंबर-दिसंबर में परिवार में मांगलिक प्रसंग उत्पन्न होंगे।

स्वास्थ्य : स्वास्थ्य इस वर्ष उत्तम रहेगा। कोई बड़ी परेशानी या रोग उभरने के संकेत नहीं है, लेकिन पुराने रोगों को लेकर सतर्क रहें। हार्ट, बीपी, शुगर के मरीज अपनी सेहत और खानपान पर बारीकी से ध्यान दें।

यह वर्ष मीन राशि के जातकों के करियर को फर्राटा भरने में मददगार साबित होगा। नौकरी के क्षेत्र में अधिकारी वर्ग के करीबी होने का लाभ पदोन्नति और वेतन वृद्धि के रूप में मिलेगा। अनेक समस्याओं के बाद भी व्यावसायिक क्षेत्र में निरंतर गति करते जाएंगे और इसमें किसी साझेदार की मदद से और भी अधिक लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। कारोबार में नए आयाम स्थापित करेंगे। मई-जून के माह में कारोबार में प्रतिस्पर्धी थोड़ा नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेंगे जिससे कार्य की गति कुछ धीमी हो सकती है। नया कार्य प्रारंभ करना चाहते हैं तो जून के बाद ही करें। नौकरीपेशा लोगों को कार्य के सिलसिले में यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। युवाओं और यंग प्रोफेशनल्स को अनेक अवसर मिलेंगे और उनमें से बेहतर का चुनाव करना होगा। इस राशि की कामकाजी महिलाओं को तरक्की के बेहतर अवसर मिलेंगे।

आर्थिक स्थिति : भूमि, भवन खरीदने का लंबे समय से विचार कर रहे हैं तो साल 2022 में आपकी यह इच्छा भी पूरी हो सकती है। आय के अनेक स्रोत रहेंगे और उनमें निरंतर वृद्धि होती ही रहेगी। पैतृक संपत्ति प्राप्त होगी। संपत्ति के बंटवारे में आपके पक्ष में अनेक चीजें आएंगी। शेयर, कमोडिटी मार्केट से लाभ अर्जित करेंगे।

परिवार : मीन राशि के जातकों की पारिवारिक स्थिति साल 2022 में बेहतर रहेगी। पारिवारिक अलगाव, मनमुटाव दूर होगा और आप रिश्तों को खुलकर जिएंगे। मित्रों, प्रेम संबंधों में भी गर्माहट बरकरार रहेगी। कोई नया प्रेम प्रकरण मन को प्रफुल्लित रखेगा। जीवनसाथी के साथ रिश्ता बेहतर बनेगा। जिन दंपतियों के संबंध खराब चल रहे हैं वे भी आपसी बातचीत से रिश्ता खुशनुमा बनाने में सफल होंगे।

स्वास्थ्य : वर्ष 2022 में आपका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। कोई बड़ी परेशानी स्वास्थ्य में नहीं आएगी। कमर-कंधे के दर्द बीच-बीच में परेशान करेंगे। कभी-कभी अधिक थकान का अनुभव करेंगे। खानपान संतुलित रखें। योग, ध्यान, अध्यात्म का मार्ग तन-मन को सेहतमंद रखेगा।

ये भी पढ़ें : 2022 में लगेंगे कितने ग्रहण, जानें कब लगेगा साल का पहला सूर्य और चंद्र ग्रहण

संबंधित खबरें...

Back to top button