2027 में नए अवतार में आ सकती है Toyota Fortuner, टेस्टिंग के दौरान दिखी पहली झलक

टोयोटा अपनी पॉपुलर SUV फॉर्च्यूनर का अपडेटेड वर्जन लाने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इसे थाईलैंड में टेस्टिंग के दौरान देखा गया। कैमोफ्लॉज से ढकी इस SUV के सामने आए स्पाई शॉट्स में नए फ्रंट डिजाइन की झलक मिली है। नई फॉर्च्यूनर में एक्सटीरियर के साथ इंटीरियर में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसे 2027 में लॉन्च किया जा सकता है।
फ्रंट लुक में दिखेंगे बड़े बदलाव
नई फॉर्च्यूनर में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिल सकता है। SUV का फ्रंट पहले से ज्यादा बोल्ड और शार्प होगा। इसमें मेश पैटर्न वाली बड़ी सेंट्रल ग्रिल मिलने की उम्मीद है। वहीं, अपर ग्रिल और हेडलैम्प एरिया में हॉरिजॉन्टल अरेंजमेंट दिया जा सकता है। इसका फ्रंट लुक नई हाइलक्स से मिलता-जुलता हो सकता है। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में SUV का फ्रंट और साइड प्रोफाइल नजर आया। इसमें बड़ा बोनट, अपराइट कैबिन और अच्छा ग्राउंड क्लियरेंस दिखाई दिया। इसके अलावा व्हील आर्च, साइड स्टेप्स और मल्टी-स्पोक व्हील्स भी देखने को मिले। हालांकि, कार के दरवाजों, मिरर और रियर पैनल पर कैमोफ्लॉज होने के कारण इनकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
केबिन में मिल सकता है नया डैशबोर्ड
नई फॉर्च्यूनर के इंटीरियर में भी बदलाव होने की उम्मीद है। इसके केबिन में नई हाइलक्स जैसी डिजाइन देखने को मिल सकती है। इसमें ज्यादा मॉडर्न डैशबोर्ड, बड़ा इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। इसके साथ ही अतिरिक्त कनेक्टिविटी फीचर्स भी मिल सकते हैं। SUV में पैनोरमिक सनरूफ मिलने की संभावना है। इसके अलावा फ्रंट में ADAS मॉड्यूल भी दिया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पहले वाला 2.8 लीटर डीजल इंजन मिलने की उम्मीद
इंजन की बात करें तो अपडेटेड फॉर्च्यूनर में मौजूदा 2.8 लीटर डीजल इंजन दिया जा सकता है। हालांकि, इंजन और अन्य मैकेनिकल बदलावों को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
2027 में लॉन्च हो सकती है नई फॉर्च्यूनर
नई टोयोटा फॉर्च्यूनर को 2027 में लॉन्च किए जाने की संभावना है। यह नेक्स्ट जनरेशन हाइलक्स के प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है और इसकी स्टाइलिंग भी हाइलक्स से मिलती-जुलती रहने की उम्मीद है। टोयोटा ने इस साल अपनी नेक्स्ट जनरेशन हाइलक्स लॉन्च की है। वहीं, कंपनी भारत में दिसंबर में इनोवा हायक्रॉस का अपडेटेड वर्जन भी लॉन्च कर सकती है। नई फॉर्च्यूनर के डिजाइन, फीचर्स और लॉन्च से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।




















