New Parliament House Video : अंदर से कैसा दिखता है नया संसद भवन, सामने आया पहला वीडियो; पीएम मोदी ने की ये अपील

नई दिल्ली। देश की नई संसद भवन के उद्घाटन से पहले वीडियो सामने आ गया है। विहंगम और बेहतरीन नजारे वाली संसद का वीडियो भी बेहद जबरदस्त है। इस वीडियो में संसद के अंदर के लुक को भी देखा जा सकता है। वीडियो की शुरुआत संसद के शीर्ष पर स्थापित अशोक स्तंभ से की गई है। इसके बाद सत्यमेव जयते अंकित भवन दिखाया जाता है। वीडियो में भवन के बाद संसद का एरियल दृश्य दिखता है। इसमें साथ में पुरानी संसद भवन भी दिखती है। बता दें कि पीएम मोदी 28 मई को नए संसद भवन परिसर का उद्घाटन करेंगे।
गौरतलब है कि ये वीडियो ऐसे समय पर सामने आया है, जब नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कह रही है कि इसका उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को करना चाहिए। विपक्षी पार्टियां आरोप लगा रही हैं कि ऐसा ना करके सरकार लोकतंत्र पर हमला कर रही है।
ऐसा है लोकसभा और राज्यसभा
संसद में स्पीकर के दायीं तरफ का हिस्सा सत्ता पक्ष के लिए होता है, वहीं बायीं तरफ वाला हिस्सा विपक्ष का होता है। पुरानी संसद की तरह ही लोकसभा की सीटें यहां भी हरी हैं, जबकि राज्यसभा की लाल। नई संसद का निर्माण पुरानी संसद भवन के ठीक बगल में किया गया है। वहीं, लोकसभा में स्पीकर के बैठने की जगह के ठीक ऊपर अशोक चक्र लगा हुआ है। बता दें कि नई लोकसभा में सेंट्रल हॉल नहीं है। लोकसभा में बेहतरीन कालीन बिछा हुआ है।पीएम मोदी की लोगों से खास अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वीडियो को अपने ऑफिशियल ट्वीटर अकाउंट पर शेयर किया है। पीएम मोदी ने वीडियो के साथ ट्वीट कर लिखा- नया संसद भवन हर भारतीय को गौरवान्वित करेगा। वीडियो इस प्रतिष्ठित इमारत की झलक पेश करता है। मेरा अनुरोध है कि इस वीडियो को अपने वॉयस-ओवर (अपनी आवाज देना) के साथ साझा करें, जो आपके विचारों को व्यक्त करता हो। मैं उनमें से कुछ को री-ट्वीट भी करूंगा। #MyParliamentMyPride का इस्तेमाल करना न भूलें। https://twitter.com/narendramodi/status/1662069125257269252?s=20इन 19 पार्टियों ने किया उद्घाटन समारोह का बहिष्कार
- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK)
- आम आदमी पार्टी
- शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे)
- समाजवादी पार्टी
- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI)
- झारखंड मुक्ति मोर्चा
- केरल कांग्रेस (मणि)
- विदुथलाई चिरुथिगल कच्ची
- राष्ट्रीय लोकदल (RLD)
- तृणमूल कांग्रेस (TMC)
- जनता दल (यूनाइटेड) (JDU)
- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP)
- भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPIM)
- राष्ट्रीय जनता दल (RJD)
- इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग
- नेशनल कॉन्फ्रेंस
- रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी
- मारुमलार्थी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (MDMK)











