अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल के स्वास्थ्य में सुधार नहीं, महराजगंज से दिल्ली एम्स रेफर

काठमांडू। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल की तबीयत बिगड़ गई है। मंगलवार को उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद काठमांडू के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति में सुधार नहीं होने के चलते उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पौडेल की जांच में उनके फेफड़ों में संक्रमण की बात सामने आई है।

एक महीने में दूसरी बार अस्पताल में भर्ती

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑक्सीजन का स्तर कम होने के बाद उन्हें महाराजगंज स्थित नामी त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वह 15 दिनों से एंटीबायोटिक्स ले रहे थे, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार देखने को नहीं मिल रहा था। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने भी अस्पताल पहुंचकर राष्ट्रपति पौडेल का हालचाल जाना। ये एक महीने में दूसरी बार है जब 78 साल के राष्ट्रपति पौडेल की तबीयत बिगड़ी है। अप्रैल के शुरुआत में राष्ट्रपति को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

राष्ट्रपति चुनाव में मिले थे 33,802 वोट

हाल ही में हुए राष्ट्रपति चुनाव में नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार रामचंद्र पौडेल को जीत हासिल हुई थी। नेपाल चुनाव आयुक्त ने जानकारी देते हुए कहा था कि, पौडेल ने 33,802 चुनावी वोट हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सुभाष चंद्र नेमबांग ने 15,518 चुनावी वोट हासिल किए। पौडेल को नेपाली कांग्रेस और सीपीएन (माओवादी सेंटर) सहित 8 दलों के गठबंधन के 214 सांसदों और 352 प्रांतीय विधानसभा सदस्यों के वोट मिले थे। इस चुनाव में शुरू से ही पौडेल का पलड़ा भारी माना जा रहा था, क्‍योंकि उन्‍हें सत्‍ता समर्थित 8 दलों का समर्थन हासिल था।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button