
बॉलीवुड में अपने जुनून और टैलेंट के दम पर एक अलग पहचान बनाने वाली नेहा कक्कड़ आज अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। गरीब परिवार में जन्मीं नेहा ने घर की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते महज 4 साल की उम्र में जगराता में गाना शुरू कर दिया था। वहीं आज नेहा इंडस्ट्री की कामयाब सिंगर्स में से एक हैं। 500 रुपए से करियर शुरू करने वाली नेहा आज करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं, जो हर गाने के लिए लाखों रुपए फीस लेती हैं।

स्कूल के बाहर समोसे बेचा करते थे नेहा के पिता
नेहा कक्कड़ का जन्म 6 जून 1988 में ऋषिकेश में हुआ था। ऋषिकेश में नेहा दो भाई-बहनों और माता-पिता के साथ एक कमरे के किराए के घर में रहती थीं। इनकी बड़ी बहन सोनू और छोटा भाई टोनी है। घर की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि, सभी एक ही कमरे में रहते थे। यहां तक की उनके घर में किचन तक नहीं था।
नेहा के पिता स्कूल के बाहर घूम-घूमकर समोसे बेचा करते थे और जब इससे घर खर्च निकाल पाना मुश्किल हुआ तो वो जगराता, जागरण और स्टेज पर परफॉर्म करने लगे।

बचपन में जगराते में गाती थीं नेहा
अपने पिता का सहारा बनने के लिए चार साल की उम्र में ही नेहा ने धार्मिक आयोजनों और माता के जगराते, माता की चौकी में गाना शुरू कर दिया था। 2004 में नेहा अपने छोटे भाई टोनी कक्कड़ के साथ मुंबई पहुंच गईं। यहां उन्होंने सिंगिंग रियलटी शो ‘इंडियन आइडल-2’ में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लिया लेकिन बाहर हो गईं। नेहा ने अपने सिंगिंग टैलेंट से सबको प्रभावित किया और उन्हें कुछ प्रोजेक्ट्स भी मिल गए।
2008 में रिलीज हुआ पहला एल्बम
2008 में नेहा का डेब्यू एल्बम ‘नेहा-द रॉकस्टार’ रिलीज हुआ जिसका म्यूजिक मीत ब्रदर्स ने दिया था। नेहा ने बॉलीवुड में फिल्म ‘मीराबाई नॉट आउट’ के जरिए कदम रखा जहां वह कोरस सिंगिंग करती नजर आई थीं। इसके बाद नेहा ने ‘यारियां’, ‘क्वीन’, ‘गब्बर इज बैक’, ‘सनम रे’, ‘कपूर एंड संस’ जैसी फिल्मों में हिट गाने गाए और बेहद पॉपुलर हो गईं।
‘सेकेंड हैंड’ जवानी गाने से मिली पहचान
बॉलीवुड में नेहा को साल 2012 में उनके गाने ‘सेकेंड हैंड’ जवानी से पहचान मिली। यह गाना उनका पहला हिट सॉन्ग माना जाता है। इसके बाद उन्हें फिल्म यारियां के गाने ‘सनी-सनी’ से भी उन्हें खूब पहचान मिली। नेहा ने अपने करियर में कई गानों को अपनी आवाज दी। फिल्मों में गाने के अलावा वह अपने म्यूजिक एल्बम के लिए भी जानी जाती है। उनके मशहूर गानों में काला चश्मा, मनाली ट्रांस, आंख मारे, कर गई चुल, गर्मी, साकी साकी आदि शामिल हैं।
कितने करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं नेहा?
नेहा हर गाने के लिए 8-10 लाख रुपए चार्ज करती हैं। नेहा कक्कड़ 5 मिलियन डॉलर यानी करीब 38 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं। स्टेज परफॉर्मेंस के लिए 20-25 लाख लेने वाली नेहा इंडस्ट्री की सबसे कामयाब और महंगी सिंगर्स में से एक हैं।
नेहा फिलहाल मुंबई के पैनोरमा टावर की प्राइम लोकेशन पर रहती हैं। इनके घर की कीमत 1.2 करोड़ रुपए है। नेहा ने साल 2020 में ऋषिकेश में भी एक आलीशान बंगला खरीदा है।

नेहा कक्कड़ की लव लाइफ
गाने ‘नेहू द व्याह’के सेट पर नेहा कक्कड़ की मुलाकात रोहनप्रीत सिंह से हुई थी। दोनों ने कुछ महीनों की डेटिंग के बाद शादी करने का फैसला किया था। नेहा, रोहनप्रीत से 6 साल बड़ी हैं। दोनों ने 24 अक्टूबर 2020 में सात फेरे लिए।