NEET UG 2026 Result :715 अंक पर दो ऑल इंडिया टॉपर, 11.21 लाख स्टूडेंट्स पास, ट्रेंड्स पर एक नजर

NEET UG 2026 का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने Re-NEET 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। छात्र अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इस बार का रिजल्ट कई मायनों में खास है, क्योंकि पेपर लीक विवाद के चलते पहली परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी और पूरे देश में दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। अब रिजल्ट आने के साथ ही मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की काउंसलिंग प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी।
कितने छात्रों ने दी परीक्षा?
Re-NEET UG 2026 में इस बार करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए। पेपर लीक के कारण पहली परीक्षा रद्द होने के बाद 21 जून 2026 को देश और विदेश के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा 13 भाषाओं में कराई गई थी। पिछले दो वर्षों की तुलना में इस बार परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या कम रही। जहां 2024 में 23.33 लाख और 2025 में 22.09 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, वहीं 2026 में यह संख्या घटकर लगभग 20 लाख रह गई। इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं।
पंजाब और हरियाणा से मिले टॉपर
इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715/720 अंक हासिल कर ऑल इंडिया टॉप किया। खास बात यह रही कि 2020 और 2021 के बाद पहली बार कोई भी छात्र 720 का परफेक्ट स्कोर हासिल नहीं कर सका।
- 19 छात्रों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए।
- 138 उम्मीदवारों के 690 से अधिक अंक आए।
- टॉप स्कोरर्स में 93% से ज्यादा पहली बार परीक्षा देने वाले छात्र रहे।
- 99% टॉप रैंकर्स की उम्र 17 से 19 साल के बीच रही।
यह भी पढ़ें: NEET PG 2026 की परीक्षा 30 अगस्त को होगी, NBEMS ने जारी किया पूरा शेड्यूल
क्यों करानी पड़ी दोबारा NEET परीक्षा?
3 मई 2026 को हुई NEET UG परीक्षा के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया, जिसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। NTA ने 21 जून 2026 को देश-विदेश के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में दोबारा परीक्षा कराई, ताकि सभी छात्रों को निष्पक्ष अवसर मिल सके।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
21 जून को आयोजित Re-NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को पोर्टल पर एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड (या मांगी गई लॉगिन डिटेल्स) दर्ज करके लॉग इन करना होगा। लॉग इन करने के बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए प्रिंट भी किया जा सकता है।
कट-ऑफ में बड़ा उछाल
- इस बार सभी श्रेणियों की कट-ऑफ में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।
- जनरल/EWS: 144 से बढ़कर 213 अंक
- OBC/SC/ST: 113 से बढ़कर 177 अंक
रिजल्ट के साथ सामने आए नए ट्रेंड
लड़कियों की भागीदारी लगातार मजबूत बनी हुई है और क्वालिफाई उम्मीदवारों में उनका प्रतिशत सबसे अधिक रहा। पूर्वोत्तर राज्यों और छोटे राज्यों के छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा। सभी पूर्वोत्तर राज्यों से स्टेट टॉपर सामने आए, जबकि लक्षद्वीप से 43 छात्र क्वालिफाई हुए। NTA ने पहली बार मूल्यांकन के कई चरण समानांतर तरीके से पूरे किए, जिससे तय समय से पहले रिजल्ट जारी हो सका। साथ ही OMR शीट चैलेंज और आंसर-की की प्रक्रिया भी अलग-अलग रखी गई।











