NEET PG 2026 की परीक्षा 30 अगस्त को होगी, NBEMS ने जारी किया पूरा शेड्यूल

NEET UG 2026 के रिजल्ट का इंतजार जारी है। इसी बीच, नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET PG 2026 परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होगी।
महत्वपूर्ण तारीखें
NEET PG 2026 से जुड़ी जरूरी तारीखें इस प्रकार हैं-
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 1 जुलाई 2026, शाम 5 बजे
आवेदन की अंतिम तारीख: 21 जुलाई 2026, रात 11:55 बजे
परीक्षा शहर की जानकारी: 11 अगस्त 2026
परीक्षा की तारीख: 30 अगस्त 2026
रिजल्ट जारी होगा: 30 सितंबर 2026
आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें
NBEMS ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को अच्छी तरह पढ़ें। इस साल आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किए गए हैं। इसलिए बिना पूरी जानकारी के जल्दबाजी में फॉर्म भरने से बचें।
शहर चुनने के नियम बदले
इस बार परीक्षा केंद्र का शहर 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर नहीं मिलेगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी पसंद के तीन परीक्षा शहर चुनने होंगे। इन्हीं विकल्पों के आधार पर परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। इसलिए जल्दी फॉर्म भरने से कोई अतिरिक्त फायदा नहीं मिलेगा।
नई फोटो अपलोड करना जरूरी
आवेदन के समय उम्मीदवारों को हाल ही में खिंचवाई गई फोटो अपलोड करनी होगी। यह फोटो तीन महीने से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। अगर फोटो धुंधली (ब्लर), एडिट की हुई या तय मानकों के अनुसार नहीं होगी, तो आवेदन रद्द किया जा सकता है। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार नियमों को और सख्त किया गया है।
फॉर्म जमा करने के बाद नहीं मिलेगा सुधार का मौका
NBEMS ने साफ किया है कि फाइनल सबमिशन के बाद आवेदन फॉर्म में किसी भी तरह का सुधार करने का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए उम्मीदवार सभी जानकारी ध्यान से भरें और सबमिट करने से पहले एक बार पूरी जानकारी जरूर जांच लें।
आधार वेरिफिकेशन होगा अनिवार्य
इस बार NEET PG 2026 में आधार आधारित वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है। परीक्षा के दिन उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन भी होगा। इसी वजह से उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि परीक्षा के दिन हाथों पर मेहंदी, स्याही या किसी तरह का पेंट न लगाएं, ताकि बायोमेट्रिक जांच में कोई परेशानी न हो।











