NEET पेपर लीक के बाद एक्शन में केंद्र सरकार :NTA में बड़े बदलाव, नए जॉइंट सेक्रेटरी और डायरेक्टर नियुक्त

NEET पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में चार बड़े अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इनमें दो संयुक्त सचिव (Joint Secretary) और दो संयुक्त निदेशक (Joint Director) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इन नियुक्तियों को कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) की मंजूरी के बाद जारी किया है।
क्या है NTA?
NTA यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी देश की बड़ी प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करती है। इसमें NEET, JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं शामिल हैं। यह संस्था उच्च शिक्षा विभाग के तहत काम करती है। हाल के समय में NEET पेपर लीक विवाद के बाद NTA लगातार चर्चा में बनी हुई है।
किन अधिकारियों को बनाया गया संयुक्त सचिव?
NTA में दो अधिकारियों को संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।
अनुजा बापट
अनुजा बापट भारतीय सांख्यिकीय सेवा (ISS) की 1998 बैच की अधिकारी हैं।
रुचिता विज
रुचिता विज भारतीय राजस्व सेवा (IRS-C&IT) की 2004 बैच की अधिकारी हैं। दोनों अधिकारियों की नियुक्ति 5 साल के लिए की गई है। वे उच्च शिक्षा विभाग के तहत काम करेंगी।
कौन बने जॉइंट डायरेक्टर?
आकाश जैन
आकाश जैन भारतीय राजस्व सेवा (IRS-IT) के 2013 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें लेटरल शिफ्ट के जरिए NTA में जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है। उनका कार्यकाल 4 दिसंबर 2029 तक रहेगा।
आदित्य राजेंद्र भोजगढिया
आदित्य राजेंद्र भोजगढिया भारतीय ऑडिट और अकाउंट्स सेवा (IA&AS) के 2013 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें भी लेटरल शिफ्ट के तहत NTA में जॉइंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 16 मई 2028 तक रहेगा।
किसने ली नियुक्ति की मंजूरी?
इन नियुक्तियों को अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) ने मंजूरी दी है। ACC केंद्र सरकार की सबसे बड़ी समिति मानी जाती है, जो वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्तियों पर फैसला लेती है। इसमें प्रधानमंत्री की भी अहम भूमिका होती है।
आदेश किसने जारी किया?
इन नियुक्तियों का आदेश कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने जारी किया है। आदेश पर डायरेक्टर एनीस कनमनी जॉय के हस्ताक्षर हैं। इसकी कॉपी उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), गृह मंत्री कार्यालय और कैबिनेट सचिवालय समेत कई विभागों को भेजी गई है।











