Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'आरक्षण खत्म नहीं हो सकता'... जंतर-मंतर के प्रदर्शन पर चिराग और अठावले का बड़ा बयान

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि व्यवस्थित तरीके से मांगें आने पर सरकार बातचीत करेगी। रामदास अठावले ने आरक्षण को संवैधानिक अधिकार बताते हुए इसे खत्म करने की मांग का विरोध किया। उन्होंने जाति व्यवस्था खत्म करने की जरूरत बताई। बोधगया मंदिर प्रबंधन को लेकर भी अठावले ने बड़ी मांग रखी।
Follow on Google News
'आरक्षण खत्म नहीं हो सकता'... जंतर-मंतर के प्रदर्शन पर चिराग और अठावले का बड़ा बयान
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि व्यवस्थित तरीके से मांगें आने पर सरकार बातचीत करेगी।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण के विरोध में हुए प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को कहा कि अगर प्रदर्शनकारी अपनी मांगें व्यवस्थित तरीके से सरकार के सामने रखते हैं, तो सरकार उनसे बातचीत करेगी। उन्होंने कहा कि आरक्षण को लेकर किसी भी तरह की गलतफहमी देश की बड़ी आबादी में नाराजगी पैदा कर सकती है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि सरकारी योजनाओं और आरक्षण की पात्रता तय करने में जाति की जगह आर्थिक स्थिति को ज्यादा महत्व दिया जाए।

EWS आरक्षण का दिया उदाहरण

आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग पर चिराग पासवान ने कहा कि NDA सरकार पहले ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के लिए 10% आरक्षण लागू कर चुकी है। उन्होंने कहा कि आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सभी पक्षों की बात सुनी जानी चाहिए और इसे लेकर किसी तरह की गलतफहमी नहीं फैलनी चाहिए।

तेजस्वी यादव के समर्थन पर क्या बोले चिराग?

पटना में छात्रों के प्रदर्शन को RJD नेता तेजस्वी यादव के समर्थन पर भी चिराग पासवान से सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर तेजस्वी यादव का छात्रों के मुद्दे पर सामने आना अच्छी बात है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर होता अगर तेजस्वी यादव विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भी मौजूद रहते और सदन में इन मुद्दों को उठाते। चिराग ने कहा कि देर से ही सही, लेकिन तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का हिस्सा होने के बावजूद वह कोशिश करते हैं कि लोगों की आवाज सरकार तक पहुंचे और किसी की बात अनसुनी न हो।

Breaking News

अठावले बोले- आरक्षण संवैधानिक अधिकार

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर कहा कि आरक्षण देश का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि इसे खत्म नहीं किया जा सकता। अठावले के मुताबिक, कुछ लोग जंतर-मंतर पर आरक्षण खत्म करने की मांग कर रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि आरक्षण खत्म करने की मांग में कोई दम नहीं है।

'पहले जाति व्यवस्था खत्म करें'

अठावले ने कहा कि SC और ST से लेकर EWS तक कई जरूरतमंद वर्गों को आरक्षण का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में जाति के आधार पर भेदभाव और SC समुदायों के खिलाफ अत्याचार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई आरक्षण खत्म करने की बात करता है, तो पहले उसे जाति व्यवस्था खत्म करने की दिशा में काम करना चाहिए।

ये भी पढ़ें: 33% आरक्षण, लेकिन कुर्सी तक नहीं! BJP विधायक को खुद लगानी पड़ी कुर्सी, फिर कही बड़ी बात

बोधगया मंदिर को लेकर भी उठाई मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रामदास अठावले ने बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति को लेकर भी अपनी मांग रखी। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में चार हिंदू और चार बौद्ध ट्रस्टी हैं। उनकी मांग है कि समिति में सभी 8 ट्रस्टी बौद्ध समुदाय से हों और गयाजी के जिलाधिकारी इसके पदेन अध्यक्ष रहें। अठावले ने कहा कि बोधगया मंदिर बौद्धों का प्रमुख पूजा स्थल है और इसका संचालन बौद्ध समुदाय के लोगों के हाथ में होना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि उनकी मांग किसी हिंदू या दूसरे धार्मिक समुदाय के खिलाफ नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर चर्चा के लिए उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से समय मांगा है। साथ ही, वह राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कई बौद्ध भिक्षुओं ने भी अपनी मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मांग पूरी कराने के लिए पटना के गर्दनीबाग इलाके में 5 दिन की भूख हड़ताल की जाएगी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts