नरोत्तम मिश्रा बोले- आदिवासी मुंह नहीं, हल चलाना जानता, दिग्विजय का जवाब- हम कलम थमाना चाहते हैं
गृह मंत्री ने कहा- दिग्विजय दुर्भावना ही फैलाते, भले सद्भावना सम्मेलन में बोल रहे हों
भोपाल। मध्य प्रदेश में आदिवासी समाज को अपने पाले में लाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने जोर आजमाइश तेज कर दी है। एक दिन पहले कमलनाथ ने बड़वानी में आदिवासी अधिकार यात्रा निकाली तो भाजपा ने कांग्रेस की घेराबंदी तेज कर दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा इसे धोखा यात्रा बताया तो मंत्री भूपेंद्र सिंह ने इसे आदिवासियों को गुमराह करने वाली यात्रा बताया। अब गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी मुंह नहीं, हल चलाना जानता है। कांग्रेस भय और भ्रम फैलाकर आदिवासी समाज को बांटने की राजनीति करती है। मिश्रा के बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी पलटवार किया है।
मिश्रा ने कहा कि आदिवासी समाज वन और संस्कृति को बचाकर खुद को आगे बढ़ाता है। कांग्रेस में आदिवासी नेताओं को हमेशा पीछे रखा। उन्होंने गीतकार जावेद अख्तर द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर दिए बयान की निंदा की। कहा- जावेद अख्तर पर मुनव्वर राना की परछाई पड़ गई है, तभी वह आरएएस को लेकर इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह को लेकर भी बयान दिया। कहा- उनकी विशेषता है कि वे जब भी बोलते हैं, दुर्भावना ही फैलाते हैं। भले ही वे इंदौर में सद्भावना सम्मेलन कर रहे हों, लेकिन वहां भी अपने भाषण से दुर्भावना फैला देंगे।












