मुंबई। सिनेमा जगत से एक बेहद बुरी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। बिग बॉस 13 के विनर व अभिनेता अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 40 वर्षीय एक्टर रात को दवाई लेकर सोए और सुबह नहीं उठे। सिद्धार्थ शुक्ला टीवी का जाना माना नाम थे और सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे। उन्होंने काफी कम समय में अपने लिए एक बड़ा मुकाम बना लिया था।
बिजनेस करना चाहते थे सिद्धार्थ शुक्ला
सिद्धार्थ शुक्ला का जन्म 12 दिसंबर 1980 को मुंबई में हुआ था। सिद्धार्थ हमेशा से ही बिजनेस करना चाहते थे। सिद्धार्थ शुक्ला ने इंटीरियर डिजाइनिंग में बैचलेर डिग्री प्राप्त की थी, वहीं कुछ साल तक इस ही पेशे में जॉब भी की। उनकी रुचि कभी भी मॉडलिंग और एक्टिंग में नहीं थी। साल 2004 में उन्होंने अपनी मां के कहने पर एक मॉडलिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और जीत गए। उसके बाद उन्हें तुर्की में होने वाले दुनिया के सबसे बड़े मॉडलिंग शो में भेजा गया। जहां सिद्धार्थ ने जीत हासिल कर देश का नाम रोशन किया। जब सिद्धार्थ मॉडलिंग में अपनी किस्मत आजमा रहे थे, तभी उन्होंने अपने पिता को खो दिया था।
शुक्ला का एक्टिंग डेब्यू
सिद्धार्थ ने वापस आने के बाद भी मॉडलिंग जारी रखी। उन्होंने एक फेयरनेस क्रीम के कमर्शियल एड में भी काम किया। इस ऐड के बाद उन्हें साल 2008 में सोनी टीवी के शो ‘बाबुल का आंगन छूटे ना’ में लीड रोल मिला। शो में सिद्धार्थ ने शुभ रणावत का किरदार निभाया था। ये शो फरवरी 2009 में खत्म हो गया था। हालांकि उन्हें इस धारावाहिक से खासी पहचान नहीं मिली। इसके बाद सिद्धार्थ शुक्ला, 2009 में ही ‘जाने पहचाने से.. ये अजनबी’ टीवी शो में नजर आए थे। इस शो में उन्होंने वीर का किरदार निभाया था। इसके बाद वो, हॉरर शो आहट के भी कुछ एपिसोड्स में नजर आए थे।
बालिका वधु से हुए थे घर-घर फेमस
सिद्धार्थ के करियर को टीवी शो बालिका वधु से उड़ान मिली। शो में सिद्धार्थ ने शिवराज का किरदार निभाया था, जो दर्शकों को बेहद पसंद आया था। शो में सिद्धार्थ के किरदार की मौत आतंकवादियों से लड़ते हुए हो गई थी। इस शो के लिए सिद्धार्थ ने आईटीए का ‘ग्रेट परफॉर्मर ऑफ द ईयर’ का भी अवॉर्ड जीता था। साल 2017 में सिद्धार्थ ‘दिल से दिल तक’ में पार्थ के किरदार में नजर आए थे। जिसमें उनके साथ रश्मि देसाई भी मुख्य भूमिका में नजर आईं थी।
डांस रियलिटी शो में भी लिया हिस्सा
सिद्धार्थ अपनी दमदार आवाज और शानदार बॉडी के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने साल 2013 में डांस रियलिटी शो झलक दिखला जा में भी हिस्सा लिया था। सिद्धार्थ ने साल 2013 में ‘झलक दिखला जा’ में भी अपना दमखम दिखाया था। इस शो के जज करण जौहर थे। सिद्धार्थ के लुक्स से इम्प्रेस होकर करण ने शो के बाद सिद्धार्थ को अपनी फिल्म ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ में अहम रोल भी दिया था। फिल्म में सिद्धार्थ के किरदार को दर्शकों ने ढेर सारा प्यार दिया था।
होस्ट- एंकर भी रह चुके हैं सिद्धार्थ
सिद्धार्थ शुक्ला ने साल 2014 में सावधान इंडिया को होस्ट किया था। उन्होंने ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ को भी होस्ट किया था। साल 2016 में सिद्धार्थ ने ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ के सीजन 7 को जीता था।
बिग बॉस 13 से जीता दर्शकों का दिल
सिद्धार्थ शुक्ला, बिग बॉस के 13वें सीजन में नजर आए थे। सिद्धार्थ ने दर्शकों का दिल जीतने के साथ ही ट्रॉफी भी अपने नाम की थी। बिग बॉस13 में सिद्धार्थ की केमिस्ट्री, शहनाज गिल के साथ खूब चर्चा में आई थी। सोशल मीडिया पर उसके बाद से सिडनाज ट्रेंड हो रहा है। सिद्धार्थ आखिरी बार, ‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल 3’ में नजर आए थे। इस शो को आईएमडीबी पर इसे अच्छी रेटिंग मिली थी। साथ ही इसे दर्शकों का भी खूब प्यार मिला था।
टूट गई हैं शहनाज
सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल बिग बॉस 13 में मिले थे। दोनों की आए दिन रिलेशनशिप की अफवाहें भी उड़ती रहती थीं। दोनों की जोड़ी काफी मशहूर थी। सिद्धार्थ के निधन की खबर से शहनाज पूरी तरह से टूट गई हैं।