Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

मुंबई में तूफान से भारी तबाही, घाटकोपर में होर्डिंग गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 14, 74 को बचाया गया

Follow on Google News
मुंबई में तूफान से भारी तबाही, घाटकोपर में होर्डिंग गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 14, 74 को बचाया गया
मुंबई। मुंबई के घाटकोपर इलाके में ‘होर्डिंग' गिरने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जबकि 74 लोग घायल हैं। नगर निगम अधिकारियों ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी। सोमवार को मुंबई में आई धूल भरी आंधी और बेमौसम बारिश के दौरान घाटकोपर के एक पेट्रोल पंप पर लगा 100 फीट ऊंचा होर्डिंग गिर गया था।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह छेड़ा नगर स्थित पेट्रोल पंप पर तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों में से 31 लोगों को राजावाड़ी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अधिकारी ने कहा कि तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने मुंबई दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ चलाए जा रहे बचाव अभियान के लिए दो टीम तैनात की हैं।

मुंबई पुलिस ने दर्ज किया मामला

एक अधिकारी ने बताया कि घाटकोपर इलाके में एक पेट्रोल पंप पर होर्डिंग गिरने और लोगों की मौत के बाद मुंबई पुलिस ने ‘ईगो मीडिया’ के मालिक और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मालिक भावेश भिंडे और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 304 (गैर इरादतन हत्या), 338 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालकर गंभीर चोट पहुंचाना) और 337 (जल्दबाजी या लापरवाही से काम करके किसी अन्य व्यक्ति को चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पंतनगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच की जा रही है। https://twitter.com/ANI/status/1790187382089900188

CM शिंदे ने किया 5 लाख के मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए 5 लाख की अनुग्रह राशि की घोषणा की और कहा कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘‘अगर होर्डिंग अवैध और खतरनाक पाए गए तो उन्हें तत्काल हटाया जाएगा।'' शिंदे ने कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। सरकार इसकी जांच कराएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। मैंने बीएमसी आयुक्त से शहर के सभी होर्डिंग का ढांचागत ऑडिट कराने को कहा है।''

बीएमसी की अनुमति के बिना लगा था होर्डिंग

अधिकारियों का कहना है कि होर्डिंग का निर्माण नगर निकाय की अनुमति के बिना किया गया था। बताया कि 40 गुना 40 फुट से अधिक आकार की होर्डिंग लगाने की अनुमति नहीं है। होर्डिंग पंत नगर में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे एक पेट्रोल पंप पर गिरा जहां काफी लोग मौजूद थे। यह होर्डिंग लगभग 17,040 वर्ग फीट का था और इसका उल्लेख लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सबसे बड़े बिलबोर्ड के रूप में भी हुआ था। बीएमसी के अनुसार, उस स्थान पर चार होर्डिंग थे और उन सभी को पुलिस आयुक्त (मुंबई रेलवे) के लिए एसीपी (प्रशासन) द्वारा मंजूरी दी गई थी। बीएमसी के बयान में कहा गया है, 'होर्डिंग्स लगाने से पहले एजेंसी/रेलवे द्वारा बीएमसी की कोई अनुमति/एनओसी नहीं ली गई थी।'

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा

सोमवार को मुंबई के घाटकोपर, बांद्रा, कुर्ला, धारावी, दादर,माहिम, मुलुंड और विक्रोली में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इनके अलावा, मुंबई के उपनगर ठाणे, अंबरनाथ, बदलापुर, कल्याण और उल्लासनगर में भी धूल भरी आंधी चली। यहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

धूल भरी आंधी के कारण हवाई यात्रा प्रभावित

मुंबई हवाई अड्डे पर खराब मौसम और धूल भरी आंधी के कारण सोमवार को विमानों का संचालन एक घंटे से अधिक समय तक प्रभावित रहा। मुंबई हवाई अड्डा संचालक ने कहा कि कम से कम 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। रनवे पर परिचालन शाम 5.03 बजे फिर से शुरू हो गया। एक बयान में कहा गया, ‘‘शहर में खराब मौसम और आंधी के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर कम दृश्यता और तेज हवाओं के कारण करीब 66 मिनट के लिए उड़ान परिचालन को अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया।” बयान में कहा गया है कि परिचालन फिर से शुरू होने तक हवाई अड्डे पर 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। सुरक्षित और सुचारू विमान संचालन सुनिश्चित करने के लिए हवाई अड्डे ने मानसून से पहले रनवे के रख रखाव का काम पिछले सप्ताह ही पूरा कर लिया था। ये भी पढ़ें- मुंबई में आंधी-तूफान के साथ बारिश बनी आफत, बिलबोर्ड गिरने से 4 की मौत, NDRF की तैनाती, कई फ्लाइट्स हुईं डायवर्ट
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

icon

Latest Posts