राष्ट्रीय

नवाब मलिक का नया आरोप, बोले- क्रूज से आर्यन खान को किडनैप करने का मास्टरमाइंड है भाजपा नेता मोहित कंबोज

मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में राज्य के अल्पसंख्यक मंत्री और NCP नेता नवाब मलिक ने फिर कुछ नए खुलासे किए हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष मोहित कंबोज वसूली कांड का मास्टरमाइंड है और समीर वानखेड़े का पार्टनर है। इतना ही नहीं, सुनील पाटिल और एनसीपी के बीच रिश्ते के आरोपों को खारिज करते हुए नवाब मलिक ने कहा कि पाटिल का एनसीपी के साथ कोई संबंध नहीं है और न ही वह कभी मिले हैं। उन्होंने समीर वानखेड़े को एनसीबी की चांडाल चौकड़ी का सदस्य बताया और बर्खास्त करने की मांग की।

मेरी पीसी के बाद वानखेड़े और कंबोज कब्रिस्तान में मिले थे

मलिक ने कहा कि 6 अक्टूबर को मेरी पीसी हुई और 7 अक्टूबर को वानखेड़े और कंबोज ओशिवारा के कब्रिस्तान में मिले। इनका नसीब अच्छा था कि उस दौरान सीसीटीवी बंद था। वानखेड़े साहब घबराहट में चले गए कि कोई उनका पीछा कर रहा है। वानखेड़े का एक ही खेल है कि ड्रग का धंधा चलता रहे और ड्रग माफिया को संरक्षण दिया जाए। इतना ही नहीं वानखेड़े फिल्म जगत के लोगों को डराकर हजारों करोड़ की उगाही के खेल में भी शामल हैं।

आर्यन को किया था किडनैप

मलिक ने कहा कि ये पूरा मामला अपहरण और फिरौती का है। आर्यन खान खुद टिकट खरीदकर क्रूज पर नहीं गए थे। उन्हें वहां प्रतीक गाबा और आमिर फर्नीचरवाला लेकर आए थे। यह एक तरह से अपहरण और फिरौती का मामला है। वहां से आर्यन खान को किडनैप किया गया और 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। मोहित कंबोज फिरौती मांगने में वानखेड़े का पार्टनर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्यन खान को ट्रैप किया, लेकिन एक सेल्फी ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।

भाजपा नेता मोहित कंबोज के साथ मिलकर उगाही का धंधा करता है वानखेड़े

नवाब मलिक ने आरोप लगाते हुए कहा कि एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े ने भाजपा नेता मोहित कंबोज की मदद से साजिश रची। मोहित कंबोज पहले भी उगाही का काम करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहित कंबोज पर 1100 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी का आरोप था। वो पहले कांग्रेस नेताओं के पीछे-पीछे था, लेकिन सरकार बदलने के बाद वो भाजपा का करीबी बन गया। मलिक ने कहा कि मोहित कंबोज की समीर वानखेड़े से गहरी दोस्ती है। दोनों ने ही साजिश के तहत आर्यन खान को किडनैप किया था।

बेकरी ड्रग्स केस का आरोपी है सैनविल डिसूजा

नवाब मलिक ने कहा कि सैम डिसूजा असल में सैनविल डिसूजा है, जो एक बेकरी ड्रग्स कांड का आरोपी भी है। इस केस में केक के अंदर ड्रग्स छिपा कर हाईप्रोफाइल लोगों तक सप्लाई किया जाता था। इस केस में पांच लोग आरोपी थे, जिसमें से चार लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन पांचवां आरोपी सैनविल 5 महीने से गिरफ्त से बाहर है।

मलिक ने सवाल पूछा कि 5 महीने बाद भी उसे क्यों नहीं पकड़ा गया, जबकि वह लगातार NCB के अधिकारियों के संपर्क में था। मलिक ने सैनविल और NCB अधिकारी वीवी सिंह का एक ऑडियो भी जारी किया है। इसके आधार पर उन्होंने बताने का प्रयास किया है कि सैनविल और NCB के लोग लगातार संपर्क में थे।

वानखेड़े के पिता ने मलिक पर ठोका मानहानि का केस

इस बीच यह भी जानकारी सामने आ रही है कि नवाब मलिक के आरोपों के बाद समीर वानखेड़े के पिता ज्ञानदेव वानखेड़े ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का फैसला किया है। ज्ञानदेव वानखेड़े ने मलिक के खिलाफ 1.2 करोड़ की मानहानि का केस ठोका है। बॉम्बे हाईकोर्ट सोमवार को इस मामले पर सुनवाई करेगा। उन्होंने अर्जी में कहा है कि मलिक के आरोपों से उनके चरित्र और प्रतिष्ठा को चोट पहुंची है।

संबंधित खबरें...

Back to top button