नई दिल्ली। एशिया के सबसे रईस शख्स मुकेश अंबानी ने नया मुकाम हासिल किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मालिक मुकेश अंबानी ने टेस्ला के CEO एलन मस्क और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस के साथ कम से कम 100 अरब डॉलर की संपत्ति वाले वेल्थ क्लब में अपनी जगह बना ली है। अंबानी इस लिस्ट में 11वें स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, इस साल मुकेश अंबानी की संपत्ति में 23.8 अरब डॉलर की बढ़ोत्तरी हुई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक अब उनकी नेटवर्थ बढ़कर 100.1 अरब डॉलर हो गई है।
सौ अरब डॉलर की संपत्ति वाले अरबपतियों की लिस्ट
रैंक | नाम | कुल संपत्ति (डॉलर में) | स्रोत |
1 | एलन मस्क | 222 अरब | टेस्ला, स्पेस एक्स |
2 | जेफ बेजोस | 191 अरब | अमेजन |
3 | बर्नार्ड अर्नाट | 156 अरब | LVMH |
4 | बिल गेट्स | 128 अरब | माइक्रोसॉफ्ट |
5 | लैरी पेज | 125 अरब | गूगल |
6 | मार्क जुकरबर्ग | 123 अरब | फेसबुक |
7 | सर्जी ब्रिन | 120 अरब | गूगल |
8 | लैरी एलिसन | 108 अरब | ऑरेकल |
9 | स्टीव वाल्मर | 106 अरब | माइक्रोसॉफ्ट |
10 | वॉरेन बफेट | 103 अरब | बर्कशायर हैथवे |
11 | मुकेश अंबानी | 100.6 अरब | रिलायंस |
(स्रोत: ब्लूमबर्ग)
रिलायंस के शेयर में आई बढ़त
शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शेयर 98.70 अंकों यानी 3.84 प्रतिशत के उछाल के साथ 2670.85 पर बंद हुआ। कंपनी का बाजार पूंजीकरण (बाजार हैसियत) 16,93,170.17 करोड़ रुपए हो गया है। नेश्नल स्टॉक एक्सचेंज पर यह 96.80 अंकों यानी 3.76 प्रतिशत के उछाल के साथ 2,669.20 पर बंद हुआ।