ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP Weather Update : कल से फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। 23 मार्च यानी कल से वेदर डिस्टरबेंस होगा। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के कई जिलों में बारिश होगी। छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट एवं सिवनी जिलों में वज्रपात होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजगढ़ में 34 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान मलाजखंड में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम ?

मौसम विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के नर्मदापुरम, शहडोल, सागर, जबलपुर, भोपाल संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर, उज्जैन, ग्वालियर, इंदौर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई तथा चंबल, रीवा संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। बिछिया में 3, बैहर, गुढ, त्योंथर, जवा, घंसौर में 2, छपारा, पृथ्वीपुर, सिरमौर, मवई, मलाजखंड, निवाड़ी, पथरिया, लखनादौन में 1 सेमी. बारिश हुई।

अधिकतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में काफी बढ़ा एवं शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। शहडोल, भोपाल संभागों के जिलों में सामान्य से कम, जबलपुर, इंदौर संभागों के जिलों में सामान्य से विशेष रूप से कम एवं शेष संभागों के जिलों में सामान्य से काफी कम तापमान रहा। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया है।

न्यूनतम तापमान रीवा संभाग के जिलों में काफी गिरा तथा शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। रीवा, इंदौर, ग्वालियर संभागों के जिलों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य तापमान रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस मलाजखंड में दर्ज किया गया।

जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि अगले 24 घंटों के दौरान छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट एवं सिवनी जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट एवं सिवनी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां येलो अलर्ट जारी किया है।

ओलावृष्टि एवं वज्रपात के समय ये सावधानियां बरतें

घर के अंदर रहें, खिड़कियां और दरवाजे बंद करें और यदि संभव हो तो यात्रा से बचें।

सुरक्षित आश्रय लें, पेड़ों के नीचे शरण न लें।

इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।

तूफान के दौरान जल निकायों से तुरंत बाहर निकलें।

उन सभी वस्तुओं से दूर रहें जो बिजली का संचालन करती हैं।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button