ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

नौतपा के छठवें दिन भी भीषण गर्मी से राहत नहीं, MP का सीधी रहा सबसे गर्म, पारा 48.2 डिग्री, केरल में मानसून की दस्तक

भोपाल। मध्य प्रदेश में झुलसा देने वाली तपिश में लोगों का हाल बेहाल है। नौतपा का छठवें दिन भी बेहद गर्म रहा। कई जगहों पर तो ऐसा लगा रहा है कि मानो आसमान से आग बरस रही। गुरुवार को सीधी सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी के साथ प्रदेश के 12 स्थानों पर पारा 45 डिग्री के पार रहा।

इन स्थानों पर पारा रहा 45 के पार

प्रचंड गर्मी के चलते प्रदेश के 12 स्थानों पर तापमान 45 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। सीधी के बाद खजुराहो सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 47.0 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं निवाड़ी के पृथ्वीपुर में पारा 46.6 डिग्री रहा। इससे पहले लगातार 3 दिन तक पृथ्वीपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

वहीं छतरपुर के बिजावर में 46.5 डिग्री, सिंगरौली में 46.3 डिग्री, शिवपुरी में 46 डिग्री, दतिया में 45.8 डिग्री, सतना में 45.7 डिग्री, कल्याण पुर (शहडोल) में 45.2 डिग्री, ग्वालियर-कटनी में 45.1 डिग्री और दमोह में पारा 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन जिलों में लू का असर भी रहा।

प्रदेश के बड़े शहरों में हल्की राहत

बड़े शहरों में तापमान में गिरावट हुई है। ग्वालियर में 45.1 डिग्री, भोपाल में 42.4 डिग्री, इंदौर में 39.6 डिग्री, जबलपुर में 43.5 डिग्री और उज्जैन में पारा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तेज गर्मी के बीच कई स्थानों हल्की बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर पड़ी रही तेज गर्मी और उमस के बीच राज्य के कई स्थानों पर अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश के अनुमान हैं। मध्य प्रदेश में राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के चलते भीषण गर्मी पड़ रही है। तेज गर्मी व उमस से जनजीवन पर विपरीत पड़ा है और इसके चलते दोपहर के समय सड़कों पर वाहनों का आवगमन कम दिखाई दिया। गर्मी के प्रभाव के करण ही दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि प्रदेश के राजगढ़, गुना, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, सतना, छतरपुर, पन्ना, निवाड़ी, मैहर में कहीं-कहीं अगले 24 घंटों के दौरान लू चलने की संभावना है। इसके अलावा दमोह, टीकमगढ़ जिलों में भी कहीं-कहीं लू चलने के साथ रात में गरम का प्रभाव अधिक रहेगा। वैज्ञानिकों ने बताया है कि राज्य के अशोकनगर, शिवपुरी और ग्वालियर जिले में लू व कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है। खरगोन जिले में लू चलने के आसार हैं।

मानसून ने केरल में दी दस्तक

मौसम विभाग ने मौसम के मिजाज के संबंध में बताया है कि आज ही दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश कर चुका है। साथ ही नागालैंड, मणीपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश के पूरे क्षेत्रों में तथा त्रिपुरा, मेघालय और असम के अधिकांश क्षेत्रों सहित पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है। इसके साथ ही चक्रवातीय परिसंचरण पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश के उपर मध्य समुद्र तक से 1.5 किमी की ऊंचाई तक सक्रिय है।

दिन के साथ रातें भी हो रहीं गर्म

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के निवाड़ी, खजुराहो जिलों में तीव्र लू का प्रभाव रहा और दतिया, सतना, सीधी, रीवा, ग्वालियर, शहडोल, शिवपुरी, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़ जिलों में लू का प्रभाव रहा और उमरिया में तीव्र गरम रात तथा सीधी, दमोह, टीकमगढ़ जिलों में गर्म रात का भी प्रभाव रहा। शेष जिलों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। अधिकांश जिलों के तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहे। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पृथ्वीपुर (निवाड़ी) में दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button