मध्य प्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 35 जिलों में बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम का सबसे ज्यादा असर महाकौशल, विंध्य और बुंदेलखंड के इलाकों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है।
इन 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक छतरपुर (खजुराहो), पन्ना, सतना (चित्रकूट), मैहर, रीवा, मऊगंज, नरसिंहपुर, जबलपुर (भेड़ाघाट), सिवनी, बालाघाट, मंडला (कान्हा), डिंडोरी, कटनी, उमरिया (बांधवगढ़), छिंदवाड़ा, पांढुर्णा (पेंच), सागर, दमोह और रायसेन में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में कुछ जगहों पर तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
इन जिलों में भी बारिश का दौर
इसके अलावा सीधी, सिंगरौली, शहडोल (बाणसागर डैम), अनूपपुर (अमरकंटक), विदिशा (उदयगिरि), भोपाल (बैरागढ़), निवाड़ी (ओरछा), टीकमगढ़, भिंड, दतिया, देवास, इंदौर, सीहोर, नर्मदापुरम (पचमढ़ी), हरदा और बैतूल में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इन इलाकों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
किसानों और यात्रियों को सावधानी की सलाह
लगातार बारिश और बदलते मौसम को देखते हुए किसानों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, भारी बारिश वाले जिलों में यात्रा करने वाले लोग घर से निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देख लें। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी खास सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि तेज बारिश के बाद कुछ जगहों पर पानी भर सकता है।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ जिलों में तेज बारिश होगी, जबकि अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम में बदलाव होने पर नए अपडेट और चेतावनी जारी की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: 84 घाट डूबे, 17 राज्यों में अलर्ट! वाराणसी से दिल्ली तक मौसम का डबल अटैक
बारिश से राहत भी, परेशानी का डर भी
अगस्त में लगातार बदलते मौसम से जहां किसानों को बारिश से राहत मिल रही है, वहीं कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की चिंता भी बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की जरूरत है।





















