ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में MP का नाम दर्ज, राज्यपाल ने अधिकारियों को किया सम्मानित

भोपाल। लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स 2022-23 में ‘लार्जेस्ट कलेक्टिव रीडिंग-सिंगल थीम-मल्टीपल वेन्यू’ के कीर्तिमान में मध्य प्रदेश का नाम दर्ज हुआ। इस पर शुक्रवार राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने उत्कृष्ट योगदान देने वाले 6 अधिकारियों का सम्मान किया।

राज्यपाल ने इन अधिकारियों का किया सम्मान

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने अधिकारियों को प्रशंसा-पत्र और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से जारी प्रमाण-पत्र की प्रति भेंट की। सम्मानित होने वाले अधिकारियों में उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता, स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरूण शमी, राज्यपाल के तत्कालीन सचिव मनोहर दुबे, राज्यपाल के प्रेस अधिकारी अजय वर्मा और राजभवन के पुस्तकालयाध्यक्ष अमित दीक्षित शामिल हैं। राज्यपाल के तत्कालीन अपर सचिव अभय वर्मा मुख्यालय से बाहर होने के कारण कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके।

लालजी टंडन को किया स्मरण

इस अवसर पर राज्यपाल पटेल ने कहा, सामाजिक प्रदूषण को रोकने के प्रयास जरूरी हैं। इस दिशा में युवाओं को गांधी जयंती की 150 वीं वर्षगांठ पर गांधी साहित्य का वाचन कराना समयानुकूल सराहनीय पहल थी। उन्होंने मध्य प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल दिवंगत लालजी टंडन का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी पहल का कीर्तिमान बनने पर उनकी आत्मा को भी संतोष मिला होगा।

अनेक स्थानों पर किया सामूहिक वाचन

विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2019 में गांधी जयंती के 150वें वर्ष के प्रसंग में राज्य के 5 लाख 48 हजार विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी की पुस्तकों ‘हिंद स्वराज’ और ‘सत्य के साथ मेरे प्रयोग’ के कुछ हिस्से का 25 सितंबर से दो अक्टूबर की अवधि में अनेक स्थानों पर सामूहिक वाचन किया था। तत्कालीन राज्यपाल टंडन की पहल पर हुए इस आयोजन को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2022 में दर्ज किया गया है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button