भोपाल में वेब सीरीज आश्रम-3 की शूटिंग के दौरान हुए हमले का विवाद अब सियासी रंग ले रहा है। पक्ष-विपक्ष के नेता इस पर लगातार बयानबाजी करते हुए नजर आ रहें हैं। हाल ही में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राज्य में शूटिंग के लिए नई गाइडलाइन बनाई जाएगी। आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले सीन होंगे तो शूटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। रविवार को भोपाल में वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की थी। फिल्म निर्माता प्रकाश झा पर स्याही फेंकी थी। साथ ही शूटिंग में शामिल कार्यकर्ताओं के साथ भी झूमाझटकी की थी।
मिश्रा ने भी जताई नाम पर आपत्ति
मिश्रा ने कहा कि आश्रम नाम पर हमें भी आपत्ति है। हमेशा हमारी भावनाओं को आहत करने वाले दृश्य ही क्यों फिल्माते हो। अगर हिम्मत है तो दूसरे धर्म की भावनाओं को आहत करने वाले दृश्य फिल्माओ। गृहमंत्री ने उग्र विरोध प्रदर्शन करने की निंदा करते हुए कहा कि प्रकाश झा को भी विचार करना चाहिए कि ऐसा क्यों हुआ।
#WebSeries #Aashram-3 के विवाद के बाद प्रदेश सरकार फिल्मांकन को लेकर एक नई गाइडलाइन जारी करने जा रही है।
अब शूटिंग से पहले जिला प्रशासन को स्क्रिप्ट दिखानी होगी और उस पर अनुमति मिलने के बाद ही शूटिंग की जा सकेगी। pic.twitter.com/n0idTGCQGA
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) October 25, 2021
विधायक रामेश्वर शर्मा भी उठा चुके हैं सवाल
इससे पहले भाजपा के ही विधायक रामेश्वर शर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने भी आश्रम की शूटिंग पर सवाल उठाए थे। रामेश्वर शर्मा ने कहा था कि ‘आश्रम’ पर वेब सीरीज बनाने वाले क्या कभी ‘मदरसों’ पर वेब सीरीज बनाने की औकात रखते हैं? ईद पर जबलपुर में पुलिस पर हमला करने वाले कठमुल्ले क्या थे, राजा साहब? शांति दूत? उस दिन आपकी ट्विटर की चिड़िया क्यों नहीं चहकी? इसी तरह पाराशर ने कहा था कि महिला उत्पीड़न के स्थान का नाम ‘आश्रम’ ही क्यों?? ‘अफगानिस्तान’ क्यों नहीं ??
“आश्रम” पर वेब सिरीज़ बनाने वाले क्या कभी “मदरसों” पर वेब सिरीज़ बनाने की औक़ात रखते है ?
ईद पर जबलपुर में पुलिस पर हमला करने वाले कट्टमुल्ले क्या थे, राजा साहब ? शांति दूत ? उस दिन आपकी ट्विटर की चिड़िया क्यों नही चहकी ?@digvijaya_28
— Rameshwar Sharma (@rameshwar4111) October 25, 2021
दिग्विजय ने सीएम पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बताए कि उनके पाले हुए गुंडों को जनता कब तक बर्दाश्त करेगी? इस पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। इस विवाद से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि भोपाल फिल्मों की शूटिंग के लिए काफी लोकप्रिय हो गया है। प्रकाश झा देश के ख्याति प्राप्त फिल्म निर्माता हैं। क्या प्रकाश झा की यूनिट को भोपाल पुलिस द्वारा संरक्षण नहीं देना चाहिए था? मुख्यमंत्री जी, गृहमंत्री जी, मध्यप्रदेश की जनता आपके पाले हुए गुंडों को कब तक बर्दाश्त करेगी? पूर्व मुख्यमंत्री ने इस घटना को मंडला में एनएसयूआई नेता सोनू परोचिया और अभिषेक ज्योतिषी पर हुए हमले से जोड़ा और आरोप लगाया कि संघ का बजरंग दल अपराधिक प्रवृत्ति लोगों का दल बन चुका है।
भोपाल फ़िल्मों की शूटिंग के लिए काफ़ी लोकप्रिय हो गया है। प्रकाश झा देश के ख्याति प्राप्त फ़िल्म निर्माता हैं। क्या प्रकाश झा की यूनिट को भोपाल पुलिस द्वारा संरक्षण नहीं देना चाहिए था? मुख्यमंत्री जी गृहमंत्री जी मध्यप्रदेश की जनता आपके पाले हुए गुण्डों को कब तक बर्दाश्त करेगी?
— digvijaya singh (@digvijaya_28) October 25, 2021
क्या है मामला
रविवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्म निर्माता प्रकाश झा के साथ धक्कामुक्की कर दी। उन पर स्याही फेंकी। बजरंग दल वालों ने आश्रम-3 वेब सीरीज के अन्य कर्मचारियों से भी मारपीट की और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इस विवाद में मीडियाकर्मियों के घायल होने की भी खबर आई है। हंगामे के दौरान बॉबी देओल अपनी वैनिटी वैन में बैठे रहे। बजरंग दल कार्यकर्ता उन्हें तलाशते दिखे थे।