
ग्वालियर में शादी और प्यार के नाम पर एक युवक से फ्रॉड किया गया। 6 महीने पहले ही संतोष की शादी हुई थी। शादी के बाद कुल 17 दिन तक ही उसकी पत्नी साथ रह सकी। इसके बाद मायके जाने का कहकर गहने-कैश लेकर फरार हो गई। संतोष प्रजापति ने अपनी पत्नी के धोखे का खुलासा होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
वापस आने का वादा, लेकिन नहीं लौटी पत्नी
संतोष की शादी 14 फरवरी 2024 को जैन धर्मशाला में हुई थी। शादी के तीन दिन बाद ही अंजली मायके चली गई। इसके बाद वो ससुराल आई और इस बार 14 दिनों तक ससुराल में रही। लेकिन, इस बार फिरसे वापस आने का वादा कर वो गहने-कैश लेकर रफू चक्कर हो गई। संतोष ने सोचा कि वह जल्द ही लौट आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। संतोष को इस घटना के बारे में तब पता चला जब अंजली ने फेसबुक मैसेंजर पर अपने बॉयफ्रेंड अभिषेक वंशकार के साथ शादी की तस्वीरें भेजीं।
पहले से शादीशुदा थी महिला
बाद में पता चला कि अंजली ने 23 अक्टूबर 2023 को आर्य समाज मंदिर में अभिषेक से शादी कर ली थी। संतोष का रिश्ता कराने वाले नितिन प्रजापति और अंजली कुशवाहा इस शादी के गवाह थे। उन्होंने संतोष से बताया कि उनकी नजर में प्रजापति समाज की पढ़ी-लिखी लड़की है। उसके माता-पिता अच्छा लड़का तलाश रहे हैं।
ससुराल से लाखों का सामान लेकर भागी
अंजली ने शादी के बाद ससुराल से लगभग 5 लाख रुपए के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। संतोष ने बताया कि शादी से पहले ही उसने अंजली से साफ कहा था कि अगर उसे शादी में कोई दिक्कत है तो वह रिश्ता तोड़ सकते हैं। लेकिन, अंजली ने धोखे से शादी कर संतोष का आर्थिक और भावनात्मक शोषण किया। 6 महीने से संतोष शहर के जनकगंज थाने के चक्कर काट रहा था। अब संतोष ने एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई है और उसे कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
ये भी पढ़ें- ऑक्सफोर्ड से पढ़ी बहू आएगी शिवराज के घर, जानें कौन हैं अमानत… जो बनेगी कार्तिकेय की दुल्हन