Dhar Bhojshala ASI Survey Report : हाईकोर्ट में 2000 पेज की रिपोर्ट पेश, हिंदू पक्ष का दावा- 94 से ज्यादा खंडित मूर्तियां मिलीं

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने सोमवार को विवादित भोजशाला - कमाल मौला मस्जिद परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण की अपनी रिपोर्ट मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर पीठ को सौंप दी। एएसआई के अधिवक्ता हिमांशु जोशी ने 2,000 से अधिक पन्नों की रिपोर्ट उच्च न्यायालय के पंजीयक को सौंपी। जोशी ने मीडिया को बताया कि मैंने रिपोर्ट सौंप दी है। कोर्ट इस मामले पर 22 जुलाई को सुनवाई करेगा। 4 जुलाई को हाईकोर्ट ने एएसआई को आदेश दिया था कि वह विवादित 11वीं सदी के स्मारक के परिसर में लगभग तीन महीने तक किए सर्वेक्षण की पूरी रिपोर्ट 15 जुलाई तक पेश करे। इस स्मारक को लेकर हिंदुओं और मुसलमानों के बीच विवाद है।
हिंदू पक्ष का दावा- 94 से ज्यादा खंडित मूर्तियां मिलीं
भोजशाला की सर्वे रिपोर्ट हिंदू पक्ष के दावे को 100 फीसदी सही साबित कर रही है। यहां 94 आर्टिकल्स मिले, इनमें खंडित मूर्तियां, शिलालेख और संस्कृत के श्लोक हैं। इससे प्रतीत होता है कि यहां मां वाग्देवी का मंदिर था और धार्मिक शिक्षा दी जाती थी। इनमें अलग-अलग समय के करीब 30 सिक्के भी शामिल हैं। - हरिशंकर जैन, हिंदू पक्ष के वकील










