शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कें...शुजालपुर को 388 करोड़ की सौगात, CM डॉ. मोहन यादव ने किए कई बड़े ऐलान

शाजापुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनहित उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाजापुर जिले के शुजालपुर में आयोजित कॉलेज चलो अभियान और महाविद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिले को 388 करोड़ रुपये की लागत वाले 43 विकास कार्यों की सौगात दी।
388 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शाजापुर जिले में 43 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय तथा 14.37 करोड़ रुपए की लागत वाले 50 बिस्तरों के आयुष चिकित्सालय का भूमिपूजन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह भी पढ़ें: मप्र की शान : रायसेन की बेटी ने एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, अंजना यादव ने रचा इतिहास

4 नए सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 122 करोड़ रुपए की लागत से बने चार नए सांदीपनि विद्यालयों का भी लोकार्पण किया। इनमें माँ शारदा सांदीपनि विद्यालय, महाराणा प्रताप सांदीपनि विद्यालय, मिहिर भोज सांदीपनि विद्यालय और राजा भोज सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं।
इसके अलावा 14.58 करोड़ रुपए की लागत से बने चार नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार लगातार निवेश कर रही है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मेडिकल कॉलेजों की संख्या तेजी से बढ़ी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के गठन के समय प्रदेश में केवल पांच मेडिकल कॉलेज थे। लेकिन सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पिछले दो वर्षों में ही सात नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में और भी बड़े कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों को अपने जिले में ही बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।
किसानों के लिए सरकार की बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश हमेशा से संभावनाओं का प्रदेश रहा है, लेकिन पहले किसानों को बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि सरकार ने सिंचाई का रकबा बढ़ाने के साथ किसानों को उनकी फसलों का बेहतर मूल्य दिलाने का काम किया है। इस वर्ष किसानों से 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा गया और प्रदेश ने गेहूं खरीद का नया रिकॉर्ड बनाया है।
25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का दावा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देशभर में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला जा चुका है, जो देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार न्यायालय के निर्णयों का सम्मान करते हुए विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।

आयुर्वेदिक शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए ऐतिहासिक दिन
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि शुजालपुर लंबे समय से शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। आज शाजापुर जिले को शिक्षा और आयुष क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में नौ नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। नई सरकार बनने के बाद 11 नए आयुर्वेदिक कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उज्जैन में खुलेगा शासकीय होम्योपैथिक कॉलेज
मंत्री इंदर सिंह परमार ने घोषणा की कि उज्जैन में एक नया शासकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश नई शिक्षा नीति लागू करने वाला देश का अग्रणी राज्य है। प्रदेश के हर जिले में पीएमश्री एक्सीलेंस कॉलेज खोले गए हैं। युवाओं को कृषि शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंदसौर-भोपाल 4 लेन का मिलेगा बड़ा लाभ
सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में अधोसंरचना विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंदसौर से भोपाल तक स्वीकृत नए फोर लेन मार्ग का लाभ गुना, राजगढ़, शाजापुर और शुजालपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा। इससे व्यापार, परिवहन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
शुजालपुर के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुजालपुर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें शामिल हैं-
- शुजालपुर पुलिस चौकी से भीलखेड़ी, मेहरखेड़ी और कालापीपल तक दो लेन सड़क निर्माण।
- शाजापुर बायपास को आष्टा रोड और पचोर रोड से जोड़ने वाला नया बायपास।
- अकोदिया में नया कॉलेज।
- गौलाना में बायपास रोड का निर्माण।
- गौलाना को नगर पंचायत का दर्जा।
- शुजालपुर में सुरक्षा कर्मियों के लिए पुलिस आवास।
- शुजालपुर थाना मंडी में पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर 50 अतिरिक्त पदों की स्वीकृति।
- डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो, जनता ने किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुजालपुर में लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। करीब 50 से अधिक मंचों से विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए जनता पर फूल बरसाए और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।











