
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली। बैठक में मंदिर के पुजारियों को 5 हजार रुपए मासिक मानदेय देने का फैसला किया है। वहीं 1250 मेगावाट के सोलर प्लांट के स्थापना की मंजूरी दी गई है।

पुजारियों को मिलेगा मानदेय
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बैठक में हुए अहम निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिरों के पुजारियों को 5 हजार रुपए मानदेय, संस्कृत शिक्षकों की भर्ती, संस्कृत विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप और सामान्य वर्ग के निर्धन परिवारों को संबल योजना का लाभ देने के ऐलान पर संपूर्ण कैबिनेट द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी।
शासकीय कार्यालयों में होगा सौर ऊर्जा का उपयोग
वैकल्पिक बिजली की व्यवस्था को लेकर ऊर्जा विभाग और नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मंत्रियों और प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग के साथ एक समिति बनाई है, जिसमें बिजली उत्पादन के साथ सौर ऊर्जा और दूसरे ऊर्जा के स्त्रोतों को लागू करने पर कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं कि शासकीय कार्यालयों में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जाएगा। शासकीय आवासों, मंत्रियों के बंगलों पर सौर ऊर्जा के प्रावधानों को लागू किया जाएगा। कमेटी ने कोरोना काल के बिजली बिलों को माफ करने का अनुसमर्थन किया है। इस फैसले से 88 लाख परिवार लाभान्वित हुए हैं।
वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदला जाएगा
कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 925 वन ग्रामों में से 827 ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने पर मुहर लगाई गई। वही, 1250 मेगावाट क्षमता के सौर संयंत्र स्थापित करने पर फैसला लिया गया। 15 मई से 15 जून तक सभी मंत्री नव राजस्व ग्रामों में जाकर परिवर्तन उत्सव में शामिल होंगे इसका भी निर्णय लिया गया।
कैबिनेट के अन्य निर्णय
- कैबिनेट बैठक में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए लागू योजना को आगे बढ़ाने की कैबिनेट में स्वीकृति दी गई है।
- ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर की 108 फीट ऊंची बहुधातु प्रतिमा की स्थापना के लिए पेडस्टल सहित दूसरे कार्य के लिए 148 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
- सिंचाई के लिए आज 3 सिंचाई परियोजनाओं को कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई है, जिनमें सोनपुर मध्यम सिंचाई परियोजना,
- भामराजगढ़ सिंचाई परियोजना और सूरजपुरा मध्यम सिंचाई परियोजना शामिल है।
- कैबिनेट बैठक में सिंगरौली में खनिज प्रौद्योगिकी संस्थान के खोलने की मंजूरी दी गई है।
- डैम नहर बनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में 150 से 250 सीटों को बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।