
इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुरहानपुर नगर निगम के इंजीनियर सगीर अहमद खान को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि 21 लाख की वॉल पेटिंग के बिल के भुगतान के लिए रिश्वत मांगी थी। इस पर शुक्रवार को 50 हजार नकदी और 1 लाख रुपए का लेते हुए इंजीनियर को पकड़ा।
ठेकेदार ने की थी शिकायत
लोकायुक्त इंदौर की टीम ने शुक्रवार को बुरहानपुर नगर निगम के इंजीनियर और प्रभारी कार्यपालन यंत्री सगीर अहमद को 50 हजार नकदी और एक लाख रूपए का चेक रिश्वत में लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इसकी शिकायत सांई इंटरप्राइजेस रतलाम के प्रोप्राइटर सार्थक सोमाली ने की थी। 2 दिन पहले संजय मेहता यहां से तत्कालीन आयुक्त एसके सिंह को स्टे मिलने के कारण रवाना हुए थे। आज ये कार्रवाई की गई। इंजीनियर खिलाफ ठेकेदार ने लोकायुक्त में शिकायत की थी।
21 लाख का था वॉल पेटिंग का ठेका
जानकारी के मुताबिक, रतलाम की सांई इंटरप्राइजेस कंपनी के प्रोप्राइटर सार्थक सोमानी को बुरहानपुर नगर निगम से 21 लाख में वॉल पेटिंग का ठेका मिला था। इसके तहत शहर में जगह-जगह दीवारों पर वॉल पेंटिंग की गई। ये काम 28 फरवरी 2022 को ही पूरा हो गया था, लेकिन इंजीनियर सगीर अहमद इसकी फाइल निगमायुक्त तक भी नहीं भेज रहा था। इसके एवज में डेढ़ लाख रुपए रिश्वत मांगी गई।
नगर निगम कार्यालय में की कार्रवाई
इंदौर लोकायुक्त टीम ने जांच के बाद ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार दोपहर ढाई बजे लोकायुक्त की टीम ने इंजीनियर सगीर अहमद को 50 हजार नकदी और एक लाख रुपए के चेक के साथ नगर निगम कार्यालय से ही गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान टीम में लोकायुक्त डीएसपी डीएस बघेल सहित अन्य शामिल थे।