
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी की बैठक में शामिल होने कटनी आए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। सीएम ने कहा मैं राहुल गांधी से पहले पूछना चाहता हूं। 1962 भी याद कर लो राहुल गांधी, तब देश की हालत क्या थी। चीन ने भारत में कितने क्षेत्र में कब्जा किया था। जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, तो पिद्दी-पिद्दी से देश हमें डराते थे।
हमारी सेना का अपमान न करें – सीएम
राहुल गांधी द्वारा चीन के संदर्भ में हमारे सैनिकों पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने पर सीएम शिवराज ने कहा- चीन ने कितने भू भाग पर कब्जा किया था ? जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, तो पिद्दी-पिद्दी से देश हमें डराते थे। आज भारत के प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी हैं। एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण उनके नेतृत्व में हो रहा है। हमारे देश की तरफ आंख उठाकर देखने की हिम्मत चीन ने की थी तो चीन के सैनिकों की गर्दन तोड़कर हमारी सेना वापस चीन की सीमा में फेंका था।
सीएम शिवराज ने आगे कहा कि हमारी सेना का अपमान न करें। केवल बातें न करें। अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता। पीएम मोदी ने कह दिया है और कह नहीं रहे, हम कर रहे हैं। हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और अगर हमें किसी ने छेड़ा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। एयरस्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक पूरी दुनिया देख रही है। राहुल गांधी पहले 1962 की जंग याद कर लें, उसके बाद बात करें।
राहुल गांधी ने क्या कहा था ?
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि विदेश मंत्री जयशंकर को अपनी सोच और समझ बड़ी करनी चाहिए। चीन, भारत की सीमा पर युद्ध की तैयारी कर रहा है। मैं इसको लेकर बहुत समय से कह रहा हूं, लेकिन केंद्र सरकार उसको छिपाने की कोशिश कर रही है। सरकार उसको नजरअंदाज कर रही है, मगर उस खतरे को न तो छिपाया जा सकता है और न ही उसकी अनदेखी की जा सकती है।
चीन की लद्दाख की तरफ और अरुणाचल की तरफ पूरी ऑफेंसिव प्रिपरेशन (युद्ध की तैयारी) चल रही है। हिन्दुस्तान की सरकार सोई हुई है। वे हमारे जवानों को अरुणाचल प्रदेश में पीट रहे हैं। इस बात को हिन्दुस्तान की सरकार सुनना नहीं चाहती है। मगर उनकी (चीन) तैयारी चल रही है, तैयारी कोई घुसपैठ की नहीं है… तैयारी युद्ध की है।
शिवराज पूर्व पीएम ही नहीं, सेना का भी अपमान कर रहे हैं : कमलनाथ
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाया कि शिवराज देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ही नहीं, बल्कि भारतीय सेना का भी अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवराज को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
कमलनाथ ने यह बात ट्विटर पर कही। उन्होंने लिखा- शिवराज सिंह चौहान जी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के संबंध में जिस अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है, वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता। भारत माता की आन बान शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले राजीव गांधी हमेशा इस देश के आदर्श रहेंगे। बेहतर होगा मुख्यमंत्री थोड़ा-बहुत इतिहास पढ़ लें। राजीव गांधी के प्रधानमंत्री काल में हमारी सेना ने कितने पराक्रम दिखाए, यह जगजाहिर है। राजनैतिक विद्वेष के लिए मुख्यमंत्री न सिर्फ पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं, बल्कि भारतीय सेना का भी अपमान कर रहे हैं। चौहान को भारतीय सेना से माफी मांगनी चाहिए।