ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन, मंत्री हरदीप सिंह डंग बोले- कांग्रेस खत्म हो चुकी है, दिखाने-बताने को कुछ नहीं बचा

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन है। आज सदन में बिजली सामग्री चोरी का मुद्दा गूंजेगा। इसको लेकर विपक्ष सरकार को घेरेगा। सदन में हंगामे होने के आसार हैं। इसके साथ ही कटनी में निजी कंपनियों में स्थानीयों को जॉब न देने का मुद्दा भी उठाया जाएगा। बता दें कि बुधवार को प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 3 लाख 14 हजार 25 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था। जिसमें कई बड़े बजट पास हुए थे।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रदेश सरकार के मंत्री हरदीप सिंह डंग ने कहा कि कांग्रेस के पास अब दिखाने-बताने को कुछ नहीं बचा है। वह खत्म हो चुकी है। राज्यपाल ने झूठ बोला है तो बैठकर चर्चा करें। वे हमेशा चर्चा से भागते हैं।

कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कमलनाथ को पैसा जेनरेट करने में महारथ हासिल है। उन्होंने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। इसी तरह महिलाओं को 1500 रुपए और गैस सिलेंडर 500 रुपए में देने के लिए भी पैसे जुटा लेंगे।

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चीफ इंजीनियर उपकरण चोरी करवा रहे हैं। मैंने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया है। इस पर चर्चा करूंगा।

कांग्रेस विधायक बाला बच्चन ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को डर है कि कहीं उनके विधायक टूट नहीं जाएं और वह उपाध्यक्ष पद से वंचित नहीं रह जाएं।

भोपाल के स्कूल में शिक्षिका द्वारा नमाज पर मप्र की संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री ऊषा ठाकुर ने कहा कि देश का संविधान स्कूल जैसे सार्वजनिक स्थान पर नमाज जैसे काम की इजाजत नहीं देता। मैं इस मामले में कड़ी कार्रवाई करवाऊंगी।

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रियंका गांधी के पैरों से कुचले गए गुलाबों से जनजातीय भाइयों के लिए गुलाल बनाना आदिवासियों का अपमान है। कांग्रेस शुरू से जनजातीय वर्ग का अपमान करती आई है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ है। बिजली अधिकारियों पर लगे आरोप सिद्ध हुए तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनसे वसूली भी की जाएगी।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button