Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मोहन सरकार का बड़ा फैसला!मंत्री लखन पटेल से वापस लिया पशुपालन विभाग, अब सिर्फ आनंद विभाग की जिम्मेदारी

ध्य प्रदेश सरकार ने मंत्री लखन पटेल के विभागों में बदलाव करते हुए उनसे पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली है। अब उनके पास केवल आनंद विभाग रहेगा। देर रात जारी गजट अधिसूचना के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फिलहाल पशुपालन विभाग अपने पास रखा है।
मंत्री लखन पटेल से वापस लिया पशुपालन विभाग, अब सिर्फ आनंद विभाग की जिम्मेदारी
लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस लिया गया।

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात विभागीय फेरबदल करते हुए राज्यमंत्री लखन पटेल को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार की ओर से जारी गजट अधिसूचना के अनुसार अब लखन पटेल पशुपालन विभाग का काम नहीं संभालेंगे। उन्हें केवल आनंद विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव के बाद प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि सरकार ने विभाग वापस लेने की कोई वजह सार्वजनिक नहीं की है। वहीं लखन पटेल ने कहा कि विभाग देना और लेना मुख्यमंत्री का अधिकार है।

पशुपालन विभाग अब मुख्यमंत्री के पास

मंत्री लखन पटेल से पशुपालन विभाग हटाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी जिम्मेदारी अपने पास रख ली है। सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद अब लखन पटेल के पास सिर्फ आनंद विभाग रहेगा। विभागीय बदलाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।

Twitter Post

फैसले के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज

लखन पटेल से महत्वपूर्ण विभाग वापस लिए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में मंत्रिमंडल या विभागों के प्रभार में कुछ और बदलाव हो सकते हैं। पशुपालन विभाग को लेकर सरकार लगातार नई योजनाओं और कार्यों पर जोर दे रही है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे में विभाग में बदलाव को लेकर लोगों की नजरें बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें: देशभर में छाया मध्य प्रदेश! खजुराहो एयरपोर्ट बना नंबर-1, भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट ने भी टॉप-3 में बनाई जगह

लखन पटेल बोले- विभाग देना और लेना CM का अधिकार

विभाग वापस लिए जाने के मामले में मंत्री लखन पटेल ने कहा कि विभाग देना और लेना मुख्यमंत्री का विशेष अधिकार है। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि पशुपालन विभाग उनसे क्यों वापस लिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री के फैसले को स्वीकार किया है।

बैंक की नौकरी छोड़ राजनीति में बनाई पहचान

दमोह जिले की पथरिया विधानसभा सीट से विधायक लखन पटेल राजनीति में आने से पहले बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उन्होंने जबलपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय से कृषि विषय में पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक में लंबे समय तक सेवाएं दीं। बाद में नौकरी छोड़कर उन्होंने राजनीति में कदम रखा और सक्रिय भूमिका निभाई। राजनीतिक सफर के दौरान वे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष भी रहे। भाजपा ने उन्हें 2013 में पहली बार पथरिया सीट से चुनाव मैदान में उतारा था, जहां उन्होंने जीत दर्ज की थी। हालांकि 2018 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत हासिल की और मोहन यादव सरकार में मंत्री बने।

ये भी पढ़ें: चंद्रयान से गगनयान तक दिखेगा! भारत की स्पेस यात्रा का सफर, CM यादव और केंद्रीय मंत्री शेखावत ने किया एक्सप्लोरेशन गैलरी का उद्घाटन

2023 में दोबारा जीत के बाद मिली थी जिम्मेदारी

लखन पटेल को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बनाया गया था। उन्हें पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। अब विभागीय बदलाव के बाद उनके पास आनंद विभाग का प्रभार रहेगा।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts