चंद्रयान से गगनयान तक दिखेगा!भारत की स्पेस यात्रा का सफर, CM यादव और केंद्रीय मंत्री शेखावत ने किया एक्सप्लोरेशन गैलरी का उद्घाटन

भोपाल। राजधानी भोपाल के रीजनल साइंस सेंटर में देश की पहली स्पेस एक्सप्लोरेशन गैलरी का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से इस आधुनिक गैलरी का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद द्वारा तैयार की गई इस गैलरी में भारत की अंतरिक्ष यात्रा को बेहद आसान और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यहां युवा और आम लोग डिजिटल तकनीक के माध्यम से अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से समझ सकेंगे। गैलरी विज्ञान शिक्षा और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
अब गगनयान तक पहुंचा भारत
भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत सीमित साधनों के साथ हुई थी। गैलरी में उस दौर को भी खास जगह दी गई है, जब 1963 में केरल के थुम्बा से पहले रॉकेट नाइक-अपाचे के प्रक्षेपण के समय उसके उपकरण और पेलोड साइकिल पर ले जाकर लॉन्च पैड तक पहुंचाए गए थे। इसी प्रतीक को दिखाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गैलरी में रखी साइकिल चलाई। यह दृश्य भारत की मेहनत, आत्मविश्वास और वैज्ञानिक विकास की लंबी यात्रा को दर्शाता है।
अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से समझेंगे विद्यार्थी
नई स्पेस एक्सप्लोरेशन गैलरी को आधुनिक डिजिटल तकनीक से तैयार किया गया है। यहां ब्रह्मांड, ग्रहों, उपग्रहों और भारत के प्रमुख अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी दी गई है। गैलरी में प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा से लेकर आर्यभट्ट, मंगलयान, चंद्रयान-3 और गगनयान जैसे मिशनों तक का सफर दिखाया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी देने के साथ उनमें खोज और सीखने की भावना को बढ़ाना है।
ये भी पढ़ें: बागेश्वर बाबा के भाई पर FIR दर्ज! किसान पर फायरिंग का आरोप, पुलिस जांच तेज, बाबा बोले- 'हमारा कोई लेना-देना नहीं...'
स्पेस वॉक और फ्लाइट सिम्युलेटर का मिलेगा अनुभव
इस गैलरी की सबसे खास बात यहां मिलने वाला इंटरैक्टिव अनुभव है। आगंतुक स्पेस वॉक और फ्लाइट सिम्युलेटर जैसी सुविधाओं के जरिए अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव ले सकेंगे। इसके अलावा चंद्रमा और मंगल ग्रह को भी देखा जा सकेगा। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से यह जगह बच्चों और युवाओं के लिए सीखने के साथ रोमांच का केंद्र बनेगी।
मध्य प्रदेश की स्पेस नीति को मिलेगी नई दिशा
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मध्य प्रदेश ने अपनी नई स्पेस पॉलिसी तैयार की है। उन्होंने बताया कि यह गैलरी भविष्य के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को प्रेरित करने में मदद करेगी। उनके अनुसार यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विरासत भी और विकास भी” के विचार को आगे बढ़ाती है।
ये भी पढ़ें: देशभर में छाया मध्य प्रदेश! खजुराहो एयरपोर्ट बना नंबर-1, भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट ने भी टॉप-3 में बनाई जगह
कम खर्च में तैयार हुआ ज्ञान का बड़ा केंद्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में यह एक शानदार मॉडल तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। गैलरी के निर्माण में मुंबई के नेहरू विज्ञान केंद्र ने तकनीकी सहयोग दिया है।











