Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बागेश्वर बाबा के भाई पर FIR दर्ज!किसान पर फायरिंग का आरोप, पुलिस जांच तेज, बाबा बोले- 'हमारा कोई लेना-देना नहीं...'

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में जमीन विवाद के दौरान हुई फायरिंग के मामले में बागेश्वर धाम पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग का नाम सामने आया है। घायल किसान ने उन पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
किसान पर फायरिंग का आरोप, पुलिस जांच तेज, बाबा बोले- 'हमारा कोई लेना-देना नहीं...'
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम पर गोली चलाने का आरोप।

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग का नाम सामने आया है। घटना राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव की है। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई। घटना के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, कोड़ा गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद के दौरान फायरिंग हुई। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का आरोप है कि शालिग्राम गर्ग और उनके साथ मौजूद लोगों ने उन पर हमला किया और गोली चला दी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण घायल किसान को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें: छतरपुर: शादी के दो महीने बाद युवक की हत्या, पत्नी ने पार्टी के बहाने बुलाया; पुलिस जांच में जुटी

किसान ने लगाए गंभीर आरोप

घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि इलाके के किसानों पर अपनी जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि जो किसान जमीन बेचने से मना करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है। इतना ही नहीं, उनके साथ मारपीट और दबाव बनाने जैसी घटनाएं भी होती हैं। मोतीलाल का कहना है कि उन्होंने जमीन बेचने से इनकार किया था। इसी वजह से विवाद बढ़ा और उन पर फायरिंग की गई। हालांकि इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है।

Twitter Post

घटनास्थल से जुटाए जा रहे सबूत

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खजुराहो के एसडीओपी सहित पुलिस की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किसने चलाई और घटना कैसे हुई।

यह भी पढ़ें: गांव से ग्लोबल पहचान तक! रामकथा से दिव्य दरबार तक छाई पहचान, धीरेंद्र शास्त्री बाने करोड़ों दिलों की आस्था का चेहरा

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने क्या कहा?

मामले में नाम सामने आने के बाद बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है और उन्हें इस मामले से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी सच होगा, वह जांच के बाद सामने आ जाएगा।

पुलिस क्या कर रही है?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। घायल किसान की मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे, एमएलसी रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले सबूत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका रही और किसके खिलाफ कौन-सी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Chhatarpur: बागेश्वर धाम पहुंचे अनंत अंबानी, बालाजी के दर्शन किए, धीरेंद्र शास्त्री ने गदा भेंट कर किया स्वागत

तीन नामजद, एक अज्ञात आरोपी

पुलिस के अनुसार, इस मामले में सतीश, शालिग्राम और आशीष को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति का नाम भी सामने आया है। यानी कुल चार लोगों के खिलाफ जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

तीन राउंड फायरिंग का दावा

पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग हुई। आरोप है कि पहला फायर हवा में किया गया, जबकि बाकी गोलियां घायल किसान को लगीं या उन्हें छूते हुए निकल गईं। हालांकि यह दावा भी जांच का हिस्सा है और इसकी पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

वीडियो भी आया सामने

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय क्या हुआ था और वीडियो में दिखाई देने वाले लोग कौन हैं। जांच एजेंसियां वीडियो को अन्य सबूतों के साथ मिलाकर पूरी घटना की कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही हैं।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts